लखनऊ- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की 99वीं जयंती ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाया। (21:38)
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने मेरठ के चैम्बर ऑफ कॉमर्स में आयोजित कार्यक्रम में केंद्र सरकार से मांग की कि मुगलसराय जंक्शन का नामकरण पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर किया जाए और जंक्शन पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री की अपेक्षा के अनुरूप अपने घर से ही स्वच्छता अभियान शुरू कर दें।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि सुल्तानपुर में पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं से पं. दीनदयाल के आदर्शो पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने पं. दीनदयाल के राष्ट्रचिंतन को कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा।
गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रताप शुक्ला ने स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की। गोरखपुर में पार्टी के प्रदेश मंत्री समीर सिंह व क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र शुक्ल कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
लखनऊ शहर में दीनदयाल स्मृतिका में दीनदयाल की प्रतिमा पर सैकेड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्पार्चन किया। लखनऊ जिले में प्रदेश मंत्री वीरेंद्र तिवारी और प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री लालजी टंडन व पूर्व सांसद रामनारायण साहू की उपस्थिति में आयोजन हुआ।
आजमगढ़ में शिक्षक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक नरेंद्र सिंह की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में वाराणसी में केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, मुरादाबाद में क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, हमीरपुर में क्षेत्रीय अध्यक्ष बाबूराम निषाद, बहराइच में क्षेत्रीय अध्यक्ष मुकुट बिहारी वर्मा और सीतापुर में प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता उपस्थित रहे।
dharmpath.com dharmpath