मॉस्को, 6 मार्च (आईएएनएस)। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अपने अफ्रीकी दौरे से पहले कहा कि ब्रिक्स का प्रभाव अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रहा है, जिससे पूरी दुनिया को लाभ होगा।
ब्रिक्स में पांच उभरती अर्थव्यवस्थाएं ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।
लावरोव ने हाल ही में होम्स डीअफ्रीके मैगजीन को साक्षात्कार दिया, जो सोमवार को विदेश मंत्रालय के वेबसाइट पर पोस्ट हुआ।
साक्षात्कार में लावरोव ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन, मंत्रियों की बैठकों और मंचों ने दुनियाभर की मीडिया और विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, लावरोव ने कहा कि ब्रिक्स ने ऐसे फैसले किए जिनका आम तौर पर प्रभाव इसमें शामिल देशों से परे रहा और इसने अंतर्राष्ट्रीय राजनीति और आर्थिक मंचों को प्रभावित किया। इसने एक बेहतर, ज्यादा लोकतांत्रिक और बहुध्रुवीय दुनिया बनाने में मदद की।
शीर्ष रूसी राजनयिक ने अंतर्राष्ट्रीय मामलों में बहुपक्षीय और सामूहिक सहयोग के एक मॉडल के रूप में ब्रिक्स की कार्यप्रणाली की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देश अफ्रीका की महत्वपूर्ण समस्याओं और चुनौती पर ध्यान देंगे। दक्षिण अफ्रीका 2018 में ब्रिक्स की अध्यक्षता करेगा।
लावरोव ने सोमवार को अंगोला, नामीबिया, मोजाम्बिक, जिम्बाब्वे और इथियोपिया के लिए अफ्रीकी दौरे की शुरुआत की।
dharmpath.com dharmpath