पेरिस, 7 मार्च (आईएएनएस)। स्पेनिश क्लब रियल मेड्रिड ने यूएफा चैंपियंस लीग के राउंड ऑफ 16 के दूसरे दौर के मुकाबले में पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
बीबीसी के अनुसार, इस जीत के साथ ही यूरोपीय चैंपियन रियल मेड्रिड ने लगातार आठवीं बार टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही है।
पार्क देस प्रिंसेस स्टेडियम में मंगलवार रात खेले गए इस मुकाबले में रियल मेड्रिड ने अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन किया और मेहमान टीम को पहले दौर में मिली 3-1 की बढ़त का भरपूर लाभ मिला।
मैच का पहला गोल क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 51वें मिनट में किया। इसके बाद मेजबान टीम के खिलाड़ी मार्को वेराती को 66वें मिनट में रेड कार्ड मिलने के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा।
पीएसजी के स्ट्राइकर एडिनसन कवानी ने 71वें मिनट में गोल जरूर किया लेकिन मैच के 80वें मिनट में रियल के मिडफील्डर कासेमिरो ने गोल दागकर मेजबान टीम की वापसी के सारे रास्ते बंद कर दिए।
dharmpath.com dharmpath