आईबार, 11 मार्च (आईएएनएस)। स्पेनिश क्लब रियल मेड्रिड ने लीग के 28वें दौर के मुकाबले में स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो गोलों की बदौलत आईबार को 2-1 से परास्त किया।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, गोल करने के मामले में इस सत्र के सभी टूर्नामेंट में रोनाल्डो (33) केवल टॉटेनहम के स्ट्राइकर हैरी केन (35) से पीछे हैं।
शनिवार को खेले गए लीग के 28वें दौर के मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच के पहले हाफ में मेजबान टीम ने रियल मेड्रिड पर दबाव बनाया लेकिन रोनाल्डो ने 34वें मिनट में गोल दाग कर मेहमान टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी।
पहला गोल खाने के बाद आईबार ने सधा हुआ खेल दिखाया और 50वें मिनट में इवान रामीस ने गोल दाग कर मेहमान टीम की मैच में वपसी करा दी।
इसके बाद भी आईबार ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा लेकिन रोनाल्डो ने 84वें मिनट में गोल दाग कर मेजबान टीम की जीत की उम्मीदों को धुंधला कर दिया।
मेड्रिड अंकतालिका में तीसरे पायदान पर है।
dharmpath.com dharmpath