सेविला (स्पेन), 13 मार्च (आईएएनएस)। स्पेनिश फुटबाल क्लब सेविला के अध्यक्ष जोस कास्त्रो ने अपनी टीम से आग्रह किया है कि वह चैम्पियंस लीग के अंतिम-8 में प्रवेश कर फुटबाल के इतिहास में अपने नाम का नया पन्ना दर्ज करे।
सेविला को लीग के अंतिम-16 के दूसरे चरण में मैनचेस्टर युनाइटेड से मंगलवार रात को ओल्ड ट्रेफोर्ड में भिड़ना है।
दोनों टीमों के बीच चैम्पियंस लीग अंतिम-16 के पहले चरण का मैच गोलरहित रहा था। ऐसे में दोनों में जो भी टीम जीतेगी, वह क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेगी।
कास्त्रो ने एक बयान में कहा, “हम कोशिश करने वाले हैं और वह भी एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ। हम उत्साहित हैं, क्योंकि हम जीत से कुछ बड़ा हासिल करेंगे। हम 60 साल बाद क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर सकते हैं।”
अध्यक्ष कास्त्रो इस बात से परिचित हैं कि नॉकआउट दौर काफी मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि उनकी टीम इस अवसर को हासिल करने के लिए उत्सुक है और वह चैम्पियंस लीग के क्वार्टर फाइनल में क्वालीफाई करेगी।
dharmpath.com dharmpath