रिपब्लिकन सीनेटर्स ने रूसी जांच को लेकर ट्रंप को चेतावनी दी

वाशिंगटन, 19 मार्च (आईएएनएस)। रिपब्लिकन पार्टी के प्रमुख सीनेटर्स ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूस के कथित हस्तक्षेप की जांच कर रहे विशेष अभियोजक रॉबर्ट मुलर और उनकी टीम के काम में दखल नहीं देने की चेतावनी दी है।

ट्रंप द्वारा रविवार सुबह ट्वीट कर मुलर की आलोचना करने के बाद रिपब्लिकन सीनेटर्स ने यह चेतावनी दी है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही मुलर के वकील जॉन डाउड ने बयान जारी कर कहा था कि वह प्रार्थना कर रहे हैं कि न्याय विभाग जांच बंद कर दे।

ट्रंप ने ट्वीट में जोर दिया कि राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उनकी टीम और रूस के बीच कोई सांठगांठ नहीं थी। ट्रंप ने इस जांच को ‘विच हंट’ करार दिया।

उन्होंने कहा कि इस जांच में सख्त एवं निर्दयी डेमोक्रेट्स शामिल हैं।

एरिजोना से रिपब्लिकन सीनेटर जेफ फ्लेक ने रविवार को सीएनएन को बताया कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस में उनके सहयोगी राष्ट्रपति ट्रंप के मुलर पर दिए गए बयानों और इस जांच को बंद करने के लिए किसी भी संभावित कदम का विरोध करेंगे।

दक्षिण कैरोलिना से रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा कि वह अब भी यह मानते हैं कि मुलर को बर्खास्त करने का कोई भी प्रयास ट्रंप के लिए विनाशकारी होगा।

ग्राहम ने सीएनएन को बताया, “यदि उन्होंने ऐसा करने की कोशिश की, तो यह उनके राष्ट्रपति काल के खात्मे की शुरुआत होगी।”

ग्राहम ने यह भी कहा कि सीनेट की न्यायिक समिति को पारदर्शिता के लिए मैक्काबे की बर्खास्तगी को लेकर भी सार्वजनिक सुनवाई शुरू करनी चाहिए।

फ्लोरिडा से रिपब्लिकन सीनेटर मार्को रूबियो ने एनबीसी न्यूज को बताया, “मैं अभी भी आश्वस्त हूं कि विशेष अभियोजक जांच शुरू करने जा रहे हैं, जो निष्पक्ष होगी और इससे सच्चाई सामने आएगी।”

इस बीच डेमोक्रेट नेताओं ने ट्रंप के ट्वीट को लेकर नाराजगी जताई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493