रियो डी जनेरियो, 22 मार्च (आईएएनएस)। यूरोपीय फुटबाल चैम्पियंस रियल मेड्रिड ब्राजील के उभरते हुए सितारे किशोर खिलाड़ी रोड्रिगो फारोफा के साथ करार के लिए तैयार है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रियल क्लब रोड्रिगो के साथ लंबे समय तक के लिए करार कर सकता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, ब्राजील के समाचार पत्र ‘फोल्हा डे एस. पाउलो’ से मिली जानकारी में यह पता चला है कि रोड्रिगो ने रियल की मेडिकल जांच पास कर ली है और वह आने वाले ग्रीष्मकालीन सत्र में क्लब में शामिल हो सकते हैं। रोड्रिगो अगले माह 18 साल के हो जाएंगे।
इस स्थानांतरण के लिए रोड्रिगो के वर्तमान क्लब नोवोरिजोंतिनो को रियल की ओर से 50 लाख डॉलर की राशि मिलेगी।
रोड्रिगो पर यूरोपीय क्लबों की नजर उस वक्त गई थी, जब उन्होंने पिछले साल अंडर-17 विश्व कप में पाल्मेरास के लिए पांच मैचों में चार गोल दागे थे।
इस करार के बाद, रोड्रिगो ब्राजील के ऐसे दूसरे किशोर खिलाड़ी बन जाएंगे, जो रियल से जुड़ेंगे।
इससे पहले फ्लामेंगो के किशोर फारवर्ड विनिसियस जूनियर रियल में शामिल हो चुके हैं। उनके साथ क्लब ने पिछले साल मई में करार किया था। उन्हें 4.5 करोड़ यूरो (5.545 करोड़ डॉलर) में खरीदा गया था। इससे पहले कभी किसी किशोर खिलाड़ी को इतने धन में नहीं खरीदा गया था।
dharmpath.com dharmpath