राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय दल को राजनाथ, रिजीजू की शुभकामनाएं (लीड-1)

नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और गृह राज्यमंत्री किरण रिजीजू ने गुरुवार को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने गुरुवार को आस्ट्रेलिया के लिए रवाना होने वाले भारतीय दल के लिए विदाई समारोह आयोजित किया था।

राजनाथ समारोह में अपने पांच मिनट के भाषण के बाद चले गए। उन्होंने कहा, “मैं आश्वस्त हूं कि राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल होने वाले भारतीय खिलाड़ी देश के लिए खुशियां लाएंगे।”

उन्होंने कहा, “जब एक देश एक आर्थिक शक्ति बन जाता है, तो लोगों में गर्व की भावना होती है। ऐसे ही जब एक खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जीत हासिल करता है, तो पूरे देश भर के लोग गौरवान्वित महसूस करते हैं।”

आईओए के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा के साथ महासचिव राजीव मेहता ने भारतीय दल को आधिकारिक किट सौंपे। यह दल चार अप्रैल से आस्ट्रेलिया में शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए जाने वाला है।

इस राष्ट्रमंडल खेल में भारत के 222 एथलीट 15 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। इसमें एथलेटिक्स, बैडमिटन, बास्केटबॉल, साइकिलिंग, मुक्केबाजी, जिमनास्टिक, हॉकी, निशानेबाजी, स्क्वाश, टेबल टेनिस, कुश्ती और तैराकी शामिल हैं।

खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए रिजीजू ने कहा, “मैं आश्वस्त हूं कि भारतीय दल कई पदकों के साथ आस्ट्रेलिया से लौटेगा।”

रिजीजू ने कहा, “भारतीय दल का लक्ष्य अधिक से अधिक पदक जीतना होगा। लेकिन, साथ ही इसमें यह भी जरूरी है कि खिलाड़ी अपने खेल का आनंद लें। आपको केवल यह सोचना चाहिए कि आपको देश का प्रतिनिधित्व करने और तिरंगे के तहत खेलने का सौभाग्य मिला है।”

उन्होंने कहा, “खिलाड़ियों को ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए, जो खेल के मैदान के अंदर या बाहर देश की बदनामी का कारण बने।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493