मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता रोहित रॉय का कहना है कि वह अपने भाई व अभिनेता रोनित रॉय से अधिक किसी को प्यार नहीं कर सकते।
रोहित ने एक बयान में कहा, “रोनित को लेकर मेरी बचपन की यादें बहुत प्रिय हैं क्योंकि बड़े होने के दौरान हमीं दोनों एक-दूसरे के साथ थे। मैं बहुत शर्मीला था तथा जल्दी दोस्त नहीं बना पाता था। वही मेरे भाई भी थे और दोस्त भी।”
स्टार मूवीज पर रविवार को फिल्म ‘बॉस बेबी’ के भारत में प्रीमियर के मौके पर अभिनेता ने कहा, “मेरी सबसे प्यारी याद वह है जब एक बच्चे ने मुझे परेशान करने की कोशिश की थी और रोनित ने एक मील तक भागकर उसे पकड़ा था और पीटा था। तब मुझे लगता था कि मैं जिंदगी भर सुरक्षित हूं। वह मेरे पिता समान हैं। मुझे नहीं लगता कि मैं किसी को उनके जितना प्यार करता हूं।”
अभिनेत्री निमरत कौर ने भी अपनी बहन रूबीना सिंह के बारे में बात की। रूबीना बेंगलुरू में मनोचिकित्सक हैं।
अभिनेत्री ने कहा, “मुझे बचपन में अपनी छोटी बहन की बहुत सी बातें याद हैं लेकिन एक बात है जिसके लिए वह मुझसे चिढ़ती थी लेकिन आज उस बात पर हमें हंसी आती है।”
उन्होंने कहा, “एक बार पटियाला में उसके जन्मदिन पर हम घर के बाहर एक बगीचे में खेल रहे थे। वहां एक मरा जैसा ततैया कीड़ा पड़ा था। उसे डराने के लिए मैंने वह उसके ऊपर फेंक दिया।”
अभिनेत्री ने बताया, “लेकिन, वह कीड़ा मरा नहीं था और उसने रूबीना की आंख पर काट लिया और उड़ गया। इसके बाद रूबीना की आंख में बड़ी सूजन आ गई। उसके जन्मदिन पर ये होने के कारण वह अभी भी उसे याद कर चिढ़ती है।”
अभिनेत्री मिनीषा लांबा ने कहा कि उनका भाई करन उनका बहुत अच्छा दोस्त है।
dharmpath.com dharmpath