युकी ने डेविस कप टीम से लिया नाम वापस

नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। युकी भांबरी ने अगले महीने डेविस कप एशिया/ओसियाना ग्रुप-1 के दूसरे दौर में चीन के खिलाफ होने वाले मुकाबले से भारतीय टीम से अपना नाम वापस ले लिया है।

भारत के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त पुरुष खिलाड़ी युकी के स्थान पर प्रजनेश को टीम में शामिल किया गया है। डेविस कप में भारत छह-सात अप्रैल को चीन के सामने उतरेगा।

मियामी ओपन के दूसरे दौर में अमेरिका के जैक सॉक से मात खाकर बाहर होने वाले युकी को कंधे में चोट लग गई है।

भारतीय टीम के कोच जीशान अली का कहना है कि युकी का बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका है।

अली ने सोमवार को आईएएनएस से कहा, “उन्होंने हमें सुबह एक ई-मेल भेजा और बताया कि वह चोटिल हैं और खेल नहीं पाएंगे। हमारे लिए यह बड़ा झटका है। इससे पहले हम जीत के दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन अब वह बात नहीं रही।”

उन्होंने कहा, “लेकिन, चोटें टेनिस खिलाड़ी के खेल का हिस्सा हैं। अब हमारे पास जो टीम है उसी के साथ वहां जाना है और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।”

उन्होंने कहा, “हमने एआईटीए से कहा कि वह युकी के स्थान पर प्रजनेश को टीम में शामिल करे। वह तीसरे एकल मैच में टीम के साथ जुड़ेंगे।”

रामकुमार रामनाथन और सुमित नागल भारतीय टीम में अन्य एकल खिलाड़ी हैं। युगल मुकाबले की जिम्मेदारी लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना पर होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493