निशानेबाजी : मुस्कान ने 25 मीटर महिला पिस्टल स्पर्धा में जीता स्वर्ण

सिडनी, 28 मार्च (आईएएनएस)। मुस्कान भानवाला ने निशानेबाजी जूनियर विश्व कप में भारत को नौवां स्वर्ण दिलाया है। उन्होंने बुधवार को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सोने पर कब्जा जमाया।

16 साल की मुस्कान ने कुल 35 का स्कोर करते हुए चीन की किन शिहांग को पछाड़ा। थाईलैंड की 16 वर्षीय कानयाकोर्न हिरुनफोहेम ने कांस्य अपने नाम किया।

पिछले साल आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में चौथे स्थान पर रहीं मुस्कान ने छठे राउंड में बढ़त ले ली थी। उन्होंने इसके बाद अपनी बढ़त को कायम रखा और स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाला।

किन ने 34 का स्कोर किया। मुस्कान और किन दोनों के लिए यह पहला आईएसएसएफ विश्व कप है।

इस स्पर्धा में मनु भाकेर चौथे स्थान पर रहीं। उन्होंने 18 का स्कोर किया।

टीम स्पर्धा में भारत की मनु, मुस्कान और देवांशी राणा ने पहला स्थान हासिल किया वहीं भारत की अरुणिमा गौर, महिमा तुरही अग्रवाल और तनु रावल को रजत पदक मिला। थाईलैंड की हिरूफोहेम, विरामोन किर्डान और लुक्सिगा श्रीनिटिवोरावोंग को तीसरा स्थान मिला।

पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में अनंत जीत नारुका को पांचवां स्थान मिला। उन्होंने 24 का स्कोर किया। चीन के झुयांग डुओ ने 58 के स्कोर के साथ जूनियर विश्व रिकार्ड बनाते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया।

इस विश्व कप में भारत पदक तालिका में दूसरे स्थान पर है। भारत के हिस्से इस विश्वकप में कुल 22 पदक आए हैं जिसमें से नौ स्वर्ण, पांच रजत, आठ कांस्य हैं। वहीं चीन के नाम 25 पदक हैं और वह पदक तालिका में पहले स्थान पर बना हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493