वाशिंगटन, 28 मार्च (आईएएनएस)। वाशिंगटन के समीप अमेरिका सरकार के कई प्रतिष्ठानों को ई-मेल के जरिए संदिग्ध पैकेज प्राप्त हुए हैं। इन प्रतिष्ठानों में तीन सैन्य स्थल शामिल हैं। एफबीआई ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, वाशिंगटन स्थित फोर्ट मैकनेयर में सैन्य प्रतिष्ठान और एनाकोस्टिया-बॉलिंग नौसेना अड्डे के अलावा वर्जीनिया स्थित सीआईए के मुख्यालय, फोर्ट बेलवायर और नेवल सर्फेस वारफेयर सेंटर को भी संदिग्ध पैकेज प्राप्त हुए हैं।
एफबीआई ने एक बयान में कहा, “संदिग्ध पैकेज की खबरों को लेकर आज एफबीआई ने कई सरकारी प्रतिष्ठानों को जवाब दिए। प्रत्येक पैकेज को आगे की जांच के लिए एफबीआई ने इकठ्ठा कर लिया है।”
एफबीआई ने यह भी कहा कि पैकेज में विनाशकारी उपकरणों के शामिल होने की संभावना थी। विभाग ने आगे कहा कि इन्हें स्पष्ट रूप से सीएटल से मेल किया गया था। एफबीआई ने एक संदिग्ध की गिरफ्तारी की घोषणा की है।
ब्यूरो ने कहा, “उस शख्स की पहचान 43 वर्षीय थान चोंग फान के रूप में हुई है, उसे एवरेट के उसके आवास पर सीएटल और स्नोहोमिश काउंटी शेरिफ कार्यालय से एफबीआई ने हिरासत में लिया।”
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि संभवत: संदिग्ध द्वारा भेजे गए अन्य पैकेज बम अभी तक अपने गंतव्यों पर नहीं पहुंचे हैं। साथ ही वे अमेरिकी डाक सेवा के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि पैकेज का पता लगाया जा सके।
dharmpath.com dharmpath