जालंधर, 29 मार्च (आईएएनएस)। चेनाब-11 ने ऊषा डेफ इंडियन क्रिकेट लीग-2018 के तीसरे संस्करण में फगवाड़ा के लवली प्रोफेशनल युनिवर्सिटी मैदान पर खेले गए फाइनल में गुरुवार को साइलेंट हीरोज-11 को छह विकेट से मात देते हुए खिताब अपने नाम किया।
यह लीग ऑल इंडिया क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द डेफ (एआइसीएडी) और डेफ क्रिकेट फेडरेशन के सहयोग से आयोजित की गई थी।
टीम साइलेंट हीरोज-11 ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उसके लिए अभिषेक सिंह ने नाबाद 41 रन बनाए और अपनी टीम को 15 ओवरों में कुल 88 रन के स्कोर तक पहुंचने में मदद की। टीम चेनाब-11 के सुदीश ने चार ओवरों में पांच विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए चेनाब-11 ने लक्ष्य को 13 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। उसके लिए सुदीश नायर ने 15 गेंदों में 26 रन बनाए। साइलेंट हीरोज-11 के अनुभव ने 2 विकेट चटकाए। सुदीश नायर को मैन ऑफ द मैच और अमन रिजवी को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
ऊषा डेफ आइपीएल एक तीन दिवसीय टूर्नामेंट था, जिसका आयोजन 27 से 29 मार्च के बीच हुआ। इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों और 23 राज्यों व दो अन्य देशों नेपाल एवं बांग्लादेश से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम के बारे में बताते हुए कोमल मेहरा, इवेंट्स हेड, ऊषा इंटरनेशनल ने कहा, “ऊषा इंटरनेशनल को तीसरे संस्करण में इस शानदार प्रयास के साथ जुड़कर गर्व महसूस हो रहा है। ऊषा इंटरनेशनल में हम सभी क्षेत्रों में खेलकूद और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम न सिर्फ युवाओं बल्कि विशिष्ट रूप से सक्षम लोगों (दिव्यांगों) को भी एक मंच उपलब्ध कराने पर जोर देते हैं।”
dharmpath.com dharmpath