बंगाली फिल्मों में काम करना नहीं छोड़ूंगी : राइमा सेन

मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री राइमा सेन बॉलीवुड के साथ ही टॉलीवुड और डिजिटल फिल्मों में भी नजर आती रहती हैं। उनका कहना है कि वह बंगाली फिल्मों में काम करना कभी नहीं छोड़ेंगी।

उनका कहना है कि बंगाली सिनेमा में काम करने से न सिर्फ उन्हें हुनर सीखने को मिलता है, बल्कि महान फिल्मकारों के साथ काम करने का मौका भी मिलता है।

राइमा ने आईएएनएस से साक्षात्कार में कहा, “मैं बांग्ला फिल्मों में काम करना कभी नहीं छोड़ूंगी, क्योंकि मैंने बांग्ला फिल्म उद्योग से एक कलाकार के रूप में काफी कुछ सीखा है। मैं कुछ प्रतिष्ठित फिल्म निर्देशकों जैसे दिवंगत रितुपर्णो घोष के साथ करने का मौका मिलने को लेकर भाग्यशाली हूं, जिन्होंने मुझे काफी कुछ सिखाया।”

उन्होंने कहा, “मैंने बंगाल में काफी युवा फिल्म निर्माताओं के साथ काम किया है। वहां की कहानियां काफी अच्छी होती हैं, फिल्में महिला-उन्मुख होती हैं और बेहद प्रगतिशील व दिलचस्प काम होता है.. बंगाली फिल्मों ने मुझे काफी कुछ दिया है।”

उनकी नई लघु फिल्म ‘मेहमान’ जल्द ही ओटीटी प्लेटफार्म जी5 पर प्रसारित होनेवाला है। उन्होंने इस फिल्म के अपने चरित्र के बारे में थोड़ी सी जानकारी दी।

उन्होंने कहा, “चूंकि यह लघु फिल्म है, इसलिए मैं अपने चरित्र के बारे में ज्यादा नहीं बताऊंगी। लेकिन मैं एक ऐसी पत्नी की भूमिका निभा रही हूं, जिसका पति उससे बेहद प्यार करता है। वह उसे खुश रखने के लिए कुछ भी करने को तैयार है, लेकिन यह वास्तव में विचित्र है.. जिसे इस लघु फिल्म में दिखाया गया है।”

उन्होंने पहले ही ओटीटी प्लेटफार्म के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, “‘होईचोई” नाम का एक बांग्ला ओटीटी प्लेटफार्म है, जिसकी वेब सीरीज में मैंने काम किया है। लेकिन जी बहुत बड़ा है। इसके दर्शक न सिर्फ देशभर में हैं, बल्कि विदेशों में भी हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493