राष्ट्रमंडल खेल : आस्ट्रेलिया के पास सबसे अधिक 852 स्वर्ण पदक

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 2 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक आस्ट्रेलिया ने ही सबसे अधिक स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। उसने कुल 852 स्वर्ण पदक जीते हैं।

ऐसे में चार अप्रैल से गोल्ड कोस्ट में शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों के 21वें संस्करण में आस्ट्रेलिया की कोशिश पदक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए अपने स्वर्ण पदकों की संख्या को बढ़ाने की होगी।

इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 71 देश और एवं टैरेटरी हिस्सा ले रहे हैं, जो कभी ब्रिटेन के आधीन थे और इनकी कुल आबादी 2.1 अरब है।

इन खेलों में 24 प्रतियोगिताएं हैं, जिनमें भारत 15 प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहा है। इसमें आर्टिस्टिक जिमनास्टिक्स, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हॉकी, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, साइकिलिंग ट्रैक, हॉकी, लॉन बॉल्स, पैरा पावरलिफ्टिंग, रिदमिक जिमनास्टिक्स, निशानेबाजी, स्क्वाश, तैराकी, टेबल टेनिस, भारोत्तोलन और कुश्ती शामिल हैं।

भारत के कुल 225 एथलीट इन प्रतियोगिताओं में पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल खेलों के 21वें संस्करण का आयोजन हो रहा है। इसके 20वें संस्करण का आयोजन 2014 में ग्लास्गो में हुआ था, वहीं 19वें संस्करण का आयोजन भारत की राजधानी नई दिल्ली में हुआ था। भारत ने 2010 में पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी।

राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजकों के अनुसार, अब तक सभी प्रतियोगिताओं के कुल 10 लाख टिकटों की बिक्री हो चुकी है।

एक नजर गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल खेल गांव पर डाली जाए, तो यह सामने आएगा कि यह खेल गांव 29 हेक्टेयर में फैला हुआ है। इसमें 18 नई इमारतें हैं, जिनमें 1,170 अपार्टमेंट और 82 टाउनहाउस हैं।

इस खेल गांव में डोपिंग की जांच के लिए भी खास व्यवस्था की गई है। एक डोपिंग नियंत्रक स्टेशन भी है, जिसमें खिलाड़ियों के डोप नमूनों को सात साल के लिए संभाल कर रखा जा सकता है।

सबसे खास बात यह है कि खेल गांव में एथलीटों के लिए फलों की व्यवस्था भारी संख्या में की गई है। कुल 800,000 फल खिलाड़ियों के लिए रखे गए हैं। खिलाड़ियों को इन खेलों के दौरान 121,000 केले वितरित किए जाने हैं। इस दौरान एथलीटों और उनके सहायक स्टाफों के लिए हर रोज 18,000 व्यंजन परोसे जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493