केपटाउन, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने रंगभेद विरोधी राजनेता विनी मदिकिजेला-मंडेला के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि ‘विनी हमारे लोगों की स्वतंत्रता की इच्छा का एक स्थायी प्रतीक’ थीं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, रामफोसा ने सोमवार को कहा, “यह बहुत बड़े नुकसान और गहरे दुख की भावना है, जो हमें मैडम विनी मदिकिजेला-मंडेला के निधन के बाद महसूस हो रही है।”
पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला की तलाकशुदा पत्नी विनी का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को जोहान्सबर्ग में निधन हो गया।
रामफोसा ने कहा, “आज हमने एक मां, एक दोस्त, एक कामरेड, एक नेता और एक हस्ती को खो दिया है।”
रामफोसा ने कहा कि स्वंतत्रता के संघर्ष के दौरान विपरीत समय में भी विनी ‘हमारे लोगों की स्वतंत्रता की इच्छा की एक स्थायी प्रतीक’ थीं।
रामफोसा ने शोषण के संदर्भ में विनी को न्याय और समानता का चैंपियन कहा।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लोगों से संघर्षो का सामना बखूबी करने वाली और बेहतर समाज के सपने के लिए अपना जीवन समर्पित कर देने वाली विनी से प्रेरणा लेने के लिए कहा।
सत्तारूढ़ अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) ने भी सोमवार को विनी के सम्मान में अपने क्रांतिकारी झंडे को झुका दिया।
एएनसी ने विनी को एक महान महिला बताया, जिन्हें बहुत प्यार और सम्मान मिला और जिनका नाम इतिहास में सदा के लिए दर्ज हो गया है।
एएनसी के महासचिव ऐस. मैगाशुले ने कहा कि विनी के स्वतंत्रता संघर्ष ने न केवल दक्षिण अफ्रीका को प्रेरित किया बल्कि पूरे अफ्रीका को प्रेरित किया।
dharmpath.com dharmpath