राष्ट्रमंडल खेल (साइकिलिंग) : निराशाजनक रहा भारतीयों का प्रदर्शन (लीड-1)

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 5 अप्रैल (आईएएनएस)। यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में साइकिलिंग प्रतियोगिता में भारतीय टीमों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।

भारतीय महिला और पुरुष टीमें अपनी-अपनी स्पर्धाओं में क्वालीफिकेशन दौर को भी पूरा नहीं कर पाई और पहले दिन ही बाहर हो गईं।

भारतीय साइकिलिंग टीम 4000 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह नहीं बना पाई।

सात टीमों के क्वालीफाइंग राउंड में देबोरा हेराल्ड, अलीना राज, मनोरमा देवी और अमृता रेघुनाथ की भारतीय टीम सबसे निचले स्थान पर रही और पदक की दौड़ से बाहर हो गई।

क्वालीफाई राउंड में शीर्ष-2 टीमें स्वर्ण के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें कांस्य पदक के लिए लड़ेंगी।

भारत ने इस स्पर्धा में पांच मिनट पांच सेकेंड का समय निकाला। पहले स्थान पर आस्ट्रेलियाई टीम रही जिसने चार मिनट 17 सेकेंड का समय निकाला। दूसरा स्थान न्यूजीलैंड की टीम को मिला जिसने 4:22.331 सेकेंड का समय निकाला। सोने की दौड़ आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच में होगी।

कनाडा की टीम 4:22:484 सेकेंड का समय निकालते हुए तीसरे स्थान पर रही। चौथा स्थान इंग्लैंड के नाम रहा जिसने चार मिनट 24 सेकेंड का समय निकाला। यह दोनों टीमें अब कांस्य पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। ॉ

इसके अलावा, भारतीय महिला साइकिलिंग टीम महिला टीम स्प्रिंट स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में हारकर बाहर हो गई।

सात टीमों के इस क्वालिफाइंग राउंड में देबोराह हेराल्ड और एलीना रेजी की भारतीय महिला टीम 35.309 सेकेंड का समय निकाला और छठे स्थान पर रही। इस कारण वह पदक दौड़ से बाहर हो गई।

इस स्पर्धा में मेजबान आस्ट्रेलिया ने 32.578 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया और न्यूजीलैंड ने 33.321 सेकेंड का समय लेते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। दोनों टीमें अब स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगी।

इंग्लैंड की टीम ने 33.739 सेकेंड का समय लेकर तीसरा और वेल्स ने 34.413 सेकेंड का समय लेकर चौथा स्थान हासिल किया है। ये दोनों टीमें अब कांस्य पदक के लिए आपस में मुकाबला करेंगी।

पुरुष टीम स्प्रिंट में भी भारतीय पुरुष टीम कुछ खास कमाल नहीं कर पाई और बाहर हो गई।

आठ टीमों के क्वालीफाइंग राउंड में रणजीत सिंह, साहिल कुमार और सानुराज सनंदराज की भारतीय टीम 46.174 सेकेंड का समय निकाला और छठे स्थान पर रही। इस कारण वह पदक की दौड़ से बाहर हो गई।

इस स्पर्धा में न्यूजीलैंड ने 42.822 सेकेंड का समय लेते हुए पहला स्थान हासिल कर क्वालीफाई किया है। स्वर्ण पदक के लिए उसे इंग्लैंड की टीम से मुकाबला करना होगा।

इंग्लैंड की टीम ने 43.516 सेकेंड का समय लिया। इसके अलावा, कनाडा की टीम ने 44.346 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया है।

कनाडा की टीम अब कांस्य पदक के लिए मलेशिया से भिड़ेगी। मलेशिया ने 44.760 सेकेंड का समय लेकर चौथा स्थान हासिल किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493