गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय आर्टिस्टिक जिमनास्ट प्रणति दास और प्रणति नायक ने अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए यहां 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में क्रमश: महिलाओं की ऑल-राउंड और वॉल्ट फाइनल्स में जगह बना ली है।
हालांकि, शुक्रवार को विश्व कप में पदक जीतने वाली जिमनास्ट अरुणा रेड्डी के हाथ निराशा लगी।
दास ने महिलाओं के ऑल-राउंड फाइनल में 21वां स्थान हासिल किया। उन्हें कुल 43.800 अंक मिले। इसमें उन्होंने 12.600 अंक वॉल्ट में, 9.750 अंक अनइवन बार्स में और 10.150 बैलेंस बीम में हासिल किए। इसके अलावा, उन्हें फ्लोर एक्सरसाइज में 11.300 अंक मिले।
वॉल्ट स्पर्धा में नायर को 13.300 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल हुआ। उन्होंने पहले ही प्रयास में 13.250 अंक हासिल किए और दूसरे प्रयास में 13.350 अंक लिए।
इस साल फरवरी में जिमनास्टिक विश्व कप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली अरुणा रेड्डी को महिलाओं की ऑल-राउंड स्पर्धा में 22वां स्थान हासिल हुआ। उन्हें कुल 43.500 अंक मिले।
महिला टीम स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी। उसे आठ देशों में सातवां स्थान हासिल हुआ।
dharmpath.com dharmpath