गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के पुरुष पैदलचाल एथलीट मनीष रावत और इरफान कोलोथम थोडी को यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार को चौथे दिन पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदलचाल स्पर्धा में निराशा हाथ लगी।
मनीष ने छठा और इरफान ने 13वां स्थान हासिल किया।
इस स्पर्धा को मनीष ने एक घंटे, 22 मिनट और 22 सेकेंड में समाप्त करते हुए छठा स्थान हासिल किया।
थोडी ने इस स्पर्धा को एक घंटे, 27 मिनट और 34 सेकेंड में पूरा कर 15 एथलीटों की सूची में 13वां स्थान हासिल किया।
आस्ट्रेलिया के डाने बर्ड स्मिथ ने एक घंटे 19 मिनट और 34 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता, वहीं इंग्लैंड के टॉम बोसवोर्थ ने एक घंटे 19 मिनट और 38 सेकेंड में रजत पदक जीता।
केन्या के सैमुएल इरेरी गाथिम्बा ने एक घंटे 19 मिनट और 51 सेकेंड का समय लेकर इस स्पर्धा को पूरा किया और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
dharmpath.com dharmpath