गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 8 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लैंड की ओर से अच्छी शुरुआत के बावजूद भारतीय महिला टीम ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार को चौथे दिन महिला हॉकी प्रतियोगिता में 2-1 से जीत हासिल की।
गोल्ड कोस्ट हॉकी सेंटर में खेले गए इस मैच में भारत के लिए नवनीत कौर और गुरजीत कौर ने किया। भारतीय टीम का सामना अब पूल-ए में दक्षिण अफ्रीका से होगा।
इंग्लैंड ने इस मैच की अच्छी शुरुआत की थी। पहले ही मिनट में इंग्लैंड की कप्तान एलेक्जेंड्रा डेनसन ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दी।
इसके बाद, भारतीय गोलकीपर सविता ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की टीम की ओर से की गई दो कोशिशों को नाकाम किया। आठवें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का अवसर मिला था, लेकिन टीम इस अवसर को भुना नहीं पाई।
दूसरे क्वार्टर में इंग्लैंड को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का अवसर मिला। गिसेले एंस्ले इस अवसर का फायदा नहीं उठा पाई और गोल करने से चूक गईं। 28वें मिनट में भी इंग्लैंड की टीम एक और पेनाल्टी कॉर्नर को भुनाने से चूक गईं। सविता ने गोल नहीं होने दिया।
भारत की ओर से 31वें मिनट में वंदना ने गोल की अच्छी कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड की गोलकीपर ने इस कोशिश को असफल कर दिया। 34वें मिनट में इंग्लैंड को एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन डिफेंडर सुनीला लाकड़ा ने इसे भारत के गोल पोस्ट तक नहीं पहुंचने दिया।
भारतीय टीम 38वें मिनट में एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने से चूक गईं। 41वें मिनट में नवनीत ने गोल कर भारत का स्कोर इंग्लैंड के खिलाफ 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद, चौथे क्वार्टर में 47वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया। इस अवसर को गुरजीत ने भुनाते हुए गोल किया और भारत को 2-1 से आगे कर दिया।
भारत ने इसके बाद अच्छे डिफेंस के दम पर इंग्लैंड को गोल कर बराबरी नहीं करने दी और अंत में 2-1 से जीत हासिल की।
dharmpath.com dharmpath