राष्ट्रमंडल खेल (भारोत्तोलन) : पूनम को स्वर्ण, विकास ने जीता कांस्य (राउंडअप)

गोल्ड कोस्ट, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय भारोत्तोलक पूनम यादव और विकास ठाकुर ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में चौथे दिन रविवार को क्रमश: स्वर्ण और कांस्य पदक अपने नाम किए।

हालांकि सीमा छठे स्थान पर रहकर पदक से चूक गईं।

पूनम ने महिलाओं की 69 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में सोना जीता और भारत को भारोत्तोलन में पांचवां स्वर्ण पदक दिलाया। पूनम ने कुल 222 किलो का भार उठाया। उन्होंने स्नैच में 100 किलो का भार उठाकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, वहीं क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 122 किलोग्राम का भार उठाकर बेहतरीन प्रदर्शन किया।

इस स्पर्धा में पूनम को इंग्लैंड की सारा डेविस ने अच्छी टक्कर दी। वह स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाने के काफी करीब थी, लेकिन क्लीन एंड जर्क में आखिरी प्रयास में असफल रहीं और इस कारण उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

पूनम का स्नैच में सबसे अच्छा प्रदर्शन तीसरी बार में रहा। उन्होंने तीसरे प्रयास में 100 किलोग्राम का भार उठाया। इससे पहले, उन्होंने पहले प्रयास में 95 किलो और दूसरे प्रयास में 98 किलो का भार उठाया।

क्लीन एंड जर्क में पूनम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तीसरे प्रयास में था, जिसमें उन्होंने 122 किलो का भार उठाया। उन्होंने पहले प्रयास में 118 किलो का भार उठाया। हालांकि, वह दूसरी बार में 122 किलो का भार उठाने में असफल रहीं, लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने इसमें भी सफलता हासिल की।

इस स्पर्धा का कांस्य पदक फीजी की अपोलोनिया वाईवाई ने जीता है। उन्होंने कुल 216 किलो का भार उठाया।

विकास ठाकुर ने भी पदक जीता। विकास ने कैरारा स्पोर्ट्स एरीना में आयोजित पुरुषों की 94 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

स्पर्धा में विकास ने कुल 351 किलोग्राम का भार उठाया। उन्होंने स्नैच में 159 का भार उठाकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। क्लीन एंड जर्क में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और इस कारण उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

विकास ने स्नैच में पहले प्रयास में 152 किलो और दूसरे प्रयास में 156 किलोग्राम का भार उठाया। तीसरे प्रयास में उन्होंने 159 किलोग्राम का भार उठाकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

इसके बाद, क्लीन एंड जर्क में उन्होंने पहले प्रयास में 192 किलोग्राम का भार उठाया। हालांकि, दूसरे और तीसरे प्रयास में वह 200 किलोग्राम का भार उठा पाने में असफल रहे और इस कारण रजत पदक हासिल करने से चूक गए और उन्हें कांस्य पदक मिला।

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक पापुआ न्यू गिनी के स्टीवन कारी को मिला। उन्होंने कुल 370 किलोग्राम का भार उठाया। कनाडा के बॉडी सेंटेवी को रजत पदक मिला। उन्होंने कुल 369 किलोग्राम का भार उठाया।

भारोत्तोलन की महिलाओं की 75 किलोग्राम भारवर्ग की स्पर्धा में सीमा को हालांकि निराशा हाथ लगी। सीमा को छठे स्थान से संतोष करना पड़ा। सीमा ने स्नैच में 84 और क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम भार के साथ कुल 189 किलोग्राम भार वर्ग उठाया।

इसी स्पर्धा में इंग्लैंड की एमिली गॉडली कुल 222 किलोग्राम भार वर्ग के साथ स्वर्ण, कनाडा की मारी इव बीचीमिन ने 221 के किलोग्राम वजन के साथ रजत और वेल्स की लॉरा हूग्स ने 207 किलोग्राम वजन के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493