राष्ट्रमंडल खेल (मुक्केबाजी) : सतीश भी सेमीफाइनल में, पदक पक्का

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के सतीश कुमार ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के छठे दिन मंगलवार को मुक्केबाजी की 91 प्लस किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

सतीश ने त्रिनिदाद एंड टोबैगो के नाइजल पॉल को क्वार्टर फाइनल में 4-1 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसी के साथ उन्होंने अपना कांस्य पदक पक्का कर लिया।

भारतीय खिलाड़ी पहले राउंड में हालांकि पूरी तरह से बैकफुट पर रहे और अपने प्रतिद्वंद्वी की लंबाई ज्यादा होने के कारण उन्हें अपने मुक्के मारने में परेशानी हुई। नाइजल ने पहले राउंड में अच्छे पंच बरसाए जो सटीक रहे।

दूसरे राउंड में हालांकि सतीश ने वापसी की और रक्षात्मक खेल खेला और नाइजल की ऊर्जा के व्यर्थ जाने दिया। आलम यह रहा कि आखिरी राउंड में नाइजल काफी थक गए थे और इसका फायदा सतीश ने बखूबी उठाया।

भारत को मंगलवार को पांच मुक्केबाजी मुकाबले खेलने थे और उसने सभी में जीत हासिल करते हुए पांच कांस्य पदक पक्के कर लिए हैं।

सतीश के अलावा, अमित, नमन, हुसामुद्दीन मोहम्मद, मनोज कुमार ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493