राष्ट्रमंडल खेल (निशानेबाजी) : हीना को स्वर्ण, गगन,चैन, अनु चूके (राउंडअप)

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 10 अप्रैल (आईएएनएस)। यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में छठे दिन भी निशानेबाजी में भारत की झोली में सिर्फ एक पदक आया। छठे दिन महिला निशानेबाज हीना सिद्धू ही पदक जीत सकीं जबकि दिग्गज निशानेबाज गगन नारंग और चैन सिंह फाइनल में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और पदक से चूक गए।

अनुभवी महिला निशानेबाज हीना ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। हीना ने भारत की झोली में छठे दिन का पहला और कुल 11वां स्वर्ण पदक डाला।

हीना ने इस स्पर्धा में कुल 38 अंक हासिल किए और महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया।

स्पर्धा में हालांकि, हीना की हम वतन अनु सिंह को निराशा हाथ लगी। वह छठे स्थान पर रहीं।

इस स्पर्धा के फाइनल में पांचवीं सीरीज तक हीना आस्ट्रेलिया की एलीना गैलियावोविक से पीछे थीं, जिन्होंने इस स्पर्धा का रजत पदक जीता।

इसके बाद, छठी सीरीज में हीना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आस्ट्रेलियाई निशानेबाज के खिलाफ बढ़त लेते हुए वापसी की।

सातवीं सीरीज में हीना ने एलीना के खिलाफ बढ़त को बनाए रखा और यही क्रम उन्होंने आठवीं सीरीज में रखा।

नौवीं सीरीज में आस्ट्रेलियाई निशानेबाज और हीना के बीच रोमांचक मुकाबला देखा गया। 10वीं सीरीज में हीना ने अपने संयम को बनाए रखते हुए अच्छे निशाने लगाए और अंत में तीन अंकों की बढ़त से स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

एलीना को रजत पदक हासिल हुआ, वहीं मलेशिया की आलिया सजाना अजाहारी को कांस्य पदक मिला।

आस्ट्रेलिया की एलीना ने कुल 35 अंक हासिल किए और रजत जीता, वहीं मलेशिया की आलिया सजाना अजाहारी को 26 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल हुआ।

हीना का यह इन खेलों में दूसरा पदक है। उन्होंने रविवार को 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक जीता था।

वहीं पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा के फाइनल में भारत खाली हाथ रह गया। गगन और चैन सिंह फाइनल में पहुंचकर पदक से महरूम रह गए। दोनों को केवल निराशा ही हाथ लगी है। गगन को इस स्पर्धा के फाइनल में सातवां और चैन को चौथा स्थान हासिल हुआ।

भारतीय अनुभवी निशानेबाज गगन ने फाइनल में कुल 142.3 अंक हासिल किए, वहीं चैन को 204.8 अंक हासिल हुए।

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक वेल्स के डेविड फेल्प्स को हासिल हुआ। उन्होंने 248.8 अंक लिए और साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड भी तोड़ा।

स्कॉटलैंड के नील स्टर्टन को 247.7 अंकों के साथ रजत पदक हासिल हुआ और इंग्लैंड के केनेथ पार ने 226.6 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

इससे पहले, गगन और चैन सिंह ने स्पर्धा के क्वालीफिकेशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया था।

गगन ने क्वलीफिकेशन में तीसरा स्थान, तो चैन सिंह ने छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया।

गगन ने क्वालीफिकेशन में कुल 617.0 अंकों का स्कोर किया, वहीं चैन सिंह ने 614.2 अंकों का स्कोर किया।

गगन ने पहले राउंड में 102.5, दूसरे में 104.8, तीसरे में 102.3, चौथे में 103.2, पांचवें में 103.4 और आखिरी राउंड में 100.8 का स्कोर किया।

वहीं चैन सिंह ने 104.3, 104.2, 103.1,100.9, 102.3, 99.4 का स्कोर किया करते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493