बेंगलुरु, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। एएफसी कप के ग्रुप चरण के ग्रुप ई के एक मुकाबले में नीशू कुमार के अतिरिक्त मिनट में किए गए शानदार गोल की बदौलत फुटबॉल क्लब बेंगलुरु एफसी ने न्यू रेडियंट एफसी को मंगलवार को 1-0 से हरा दिया।
यहां श्रीकांतीवीरा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमें आधे समय तक एक भी गोल नहीं कर पाई थीं। दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों को गोल करने के कुछ मौके मिले, लेकिन वे इन मौकों को गोल में तब्दील नहीं कर पाईं। ऐसा लग रहा था कि मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हो जाएगा।
लेकिन, सुनील छेत्री की कप्तानी वाली बेंगलुरु एफसी ने मुकाबला समाप्त होने से कुछ मिनट पहले ही जीत अपने नाम कर ली।
निर्धारित 90 मिनट तक गोल नहीं होने के बाद दोनों टीमों को तीन मिनट तक का अतिरिक्त समय दिया गया जिसमें नीशू ने 91वें मिनट में छेत्री से मिले पास पर गोल कर दाग दिया। इस जीत से बेंगलुरु को तीन अंक मिले और अब वह अंकतालिका में ग्रुप ई में शीर्ष पर पहुंच गया है।
dharmpath.com dharmpath