पदक ग्रहण करने के बाद छलके राहुल के आंसू

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 12 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय पहलवान राहुल अवारे ने गुरुवार को देश के लिए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में 13वां स्वर्ण पदक जीता। पदक वितरण समारोह में सोने का तमगा हासिल करने के बाद जब भारत का राष्ट्रगान बजा तो राहुल की आंखे नम हो गईं।

महाराष्ट्र के राहुल ने पुरुषों की 57 किलोग्राम स्पर्धा के फाइनल में कनाडा के स्टीवन ताकाहाशी को 15-7 से मात देकर खिताबी जीत हासिल की। राहुल को जब स्वर्ण पदक दिया गया तब वह काफी खुश नजर आए लेकिन जैसे ही विजेता खिलाड़ी के लिए राष्ट्रगान बजा तो वह अपना भावनाओं पर काबू नहीं रख सके।

राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोने का तमगा हासिल किया। पहले ही मिनट में ही राहुल ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए ताकाहाशी को पटककर दो अंक हासिल किए। हालांकि, अगले ही पल राहुल को संभलने का मौका नहीं देते हुए कनाडा के पहलवान ने पूरा पलटते हुए चार अंक ले लिए।

इसके बाद राहुल ने भी ताकाहाशी पर दबाव बनाया और उन्हें रोल करते हुए छह अंक ले लिए थे। कनाडा के पहलवान ने भी हार नहीं मानी और राहुल को अच्छी टक्कर देते हुए दो अंक लिए और 6-6 से बराबरी कर ली।

राहुल ने भी अपनी तकनीक को अपनाते हुए एक बार फिर ताकाहाशी को पकड़ा और फिर रोल करते हुए तीन और अंक हासिल करते हुए 9-6 से बढ़त ले ली। यहां राहुल को दर्द की समस्या हुई, लेकिन इसे नजरअंदाज करते हुए उन्होंने वापसी की और दो अंक और हासिल किए।

मुकाबले की समाप्ति के लिए कुछ सेकेंड रह गए थे और एक बार फिर राहुल ने ताकाहाशी पर शिकंजा कस 15-6 से जीत हासिल कर भारत की झोली में 13वां स्वर्ण पदक डाल दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493