राष्ट्रमंडल खेल (एथलेटिक्स) : चक्का फेंक में सीमा को रजत, नवजीत ने जीता कांस्य (राउंडअप)

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 12 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की अनुभवी चक्का फेंक एथलीट सीमा पुनिया और नवजीत ढिल्लन ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में एथलेटिक्स की स्पर्धाओं में भारत का खाता खोलते हुए रजत और कांस्य पदक जीता।

इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा अर्पिन्दर सिंह और एवी राकेश बाबू ने पुरुषों की तिहरी कूद स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश किया।

राष्ट्रमंडल खेलों में सीमा लगातार चौथी बार पदक जीतने में कामयाब रही हैं। उन्होंने 2006 एवं 2014 में रजत पदक और दिल्ली में हुए 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था।

सीमा ने शानदार शुरुआत की और पहले ही प्रयास में 60.41 मीटर की दूरी तय की। हालांकि इसके बाद, उनके प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई। सीमा ने दूसरे प्रयास में 59.97 मीटर की दूरी तय की।

उनका तीसरा प्रयास असफल रहा लेकिन चौथे प्रयास में उन्होंने 58.54 मीटर तक चक्का फेंका। सीमा के प्रदर्शन में उथल-पुथल जारी रही और उनका पांचवां प्रयास भी असफल रहा लेकिन उन्होंने अंतिम प्रयास में 58.90 मीटर की दूरी तय करके रजत पदक सुनिश्चित कर लिया।

दूसरी तरफ, भारत की नवजीत ढिल्लन की शुरुआत निराशाजनक रही। उन्होंने पहले प्रयास में केवल 55.61 मीटर की दूरी तय की और दूसरे एवं तीसरे प्रयास में वह असफल रही।

चौथे प्रयास में सुधार करते हुए नवजीत ने 56.22 मीटर तक चक्का फेंका जबकि पांचवें प्रयास में वह केवल 54.09 मीटर की ही दूरी तय कर पाई। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि न्यूजीलैंड की सोसितीना हाकेई कांस्य पदक पर कब्जा करेंगी लेकिन अंतिम प्रयास में वह सिर्फ 56.96 मीटर की दूरी तय कर पाई जबकि नवजीत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 57.43 मीटर की दूरी तय करके कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

आस्ट्रेलिया की डानी स्टीवंस ने 68.26 मीटर का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों का 20 साल पुराना गेम रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

न्यूजीलैंड की बेट्रिस रोइनी लियुआ ने 20 सितम्बर, 1998 में कुआलालम्पुर में 65.92 मीटर तक चक्का फेंक राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड बनाया था, जिसे स्टीवंस ने तोड़ दिया।

भारत के अर्पिन्दर सिंह और ए.वी. राकेश बाबू ने भी पुरुषों की तिहरी कूद स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। अर्पिदर ने क्वालीफिकेशन में ग्रुप-बी में पहले स्थान के साथ फाइनल में जगह बनाई।

पंजाब के इस खिलाड़ी ने 16.39 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। उनके बाद नामीबिया के रोजर हईटेंगी रहे जिन्होंने 16.36 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया।

वहीं बाबू ने ग्रुप-ए में पांचवें स्थान के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने 15.98 मीटर की दूरी मापी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493