राष्ट्रमंडल खेल (कुश्ती) : साक्षी को कांस्य से करना पड़ा संतोष (लीड-1)

गोल्ड कोस्ट (आईएएनएस), 14 अप्रैल (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन शनिवार को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

साक्षी ने महिलाओं की फ्री स्टाइल कुश्ती के 62 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में न्यूजीलैंड की टेलर फोर्ड को मात देकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

साक्षी ने यह मुकाबला अपने मजबूत डिफेंस के दम पर 6-5 से जीता। अंतिम राउंड में टेलर ने साक्षी को पटक दिया था, लेकिन इस दिग्गज पहलवान ने अपने डिफेंस के कारण टेलर को जरूरी अंक नहीं लेने दिए और महज एक अंक के अंतर से कांसे पर कब्जा किया।

साक्षी हालांकि इस जीत से खुश नहीं होगीं क्योंकि इन खेलों में उन्हें स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार माना जा रहा था।

राउंड रोबिन प्रारूप में खेली गई स्पर्धा के पहले मैच में साक्षी ने विजयी शुरुआत करते हुए स्वर्ण की उम्मीदों को जिंदा रखा। साक्षी ने अपने पहले मैच में कैमरून की बर्थ इमिलिएने इटाने गोले को 10-0 से मात देकर विजयी शुरुआत की। रेफरी ने साक्षी को तकनीकी तौर पर श्रेष्ठ पाते हुए विजेता घोषित किया।

दूसरे मैच में हालांकि साक्षी का कनाडा की मिशेल फजारी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। मिशेल ने साक्षी को 11-8 से मात दी।

अगले मैच में नाइजीरिया की अमिनात एडेनियी थीं। साक्षी को इस मैच में भी हार का सामना करना पड़ा। नाइजीरियाई खिलाड़ी ने साक्षी को 6-3 से मात दी।

दो मैच हारकर साक्षी स्वर्ण की दौड़ से बाहर हो चुकी थीं। कांस्य के लिए हुए मुकाबले में उन्होंने आखिरकार टेलर को मात दी लेकिन उनके चेहरे पर वो खुशी नहीं थी जिसके लिए वो यहां आईं थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493