वाशिंगटन, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी उपराष्ट्रपति माइक पेंस द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) के पद पर नियुक्त जॉन लर्नर ने इस पद के लिए अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने यह कदम इस पद पर अपनी नियुक्ति को लेकर पैदा हुए तनाव के बाद उठाया है।
सीएनएन ने पेंस की प्रेस सचिव अलीशा फराह के हवाले से कहा, “आज (रविवार) रात जॉन लर्नर ने उपराष्ट्रपति को सूचित कर दिया कि वह एनएसए के पद से अपना नाम वापस ले रहे हैं। उपराष्ट्रपति ने उनका फैसला स्वीकार कर लिया है।”
उन्होंने कहा, “उपराष्ट्रपति पेंस जॉन के लिए सर्वोच्च सम्मान रखते हैं और उन्होंने हमारी टीम में शामिल होने की जॉन की इच्छा के प्रति अपना गहरा आभार जताया।”
रिपब्लिकन के एक सूत्र ने सीएनएन को बताया कि पेंस द्वारा लर्नर को नियुक्त करने की खबर ने बखेड़ा खड़ा कर दिया था।
रविवार को इससे पहले एक्सियस न्यूज ने बताया था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उपराष्ट्रपति पेंस के ट्रंप विरोधी विचारों के कारण उनके द्वारा की गई नियुक्ति पर प्रतिबंध लगाने का प्रयास किया।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की कि लर्नर की नियुक्ति पर ट्रंप और पेंस ने शुक्रवार को फोन पर बात की थी।
लर्नर फिलहाल संयुक्त राष्ट्र में राजदूत निक्की हेली के सहायक के रूप में कार्यरत हैं।
dharmpath.com dharmpath