सरकार से बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों के बहिष्कार की अपील करेंगे : रनिंदर

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय राइफल महासंघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष रनिंदर सिंह ने मंगलवार को कहा कि वह सरकार से 2022 में बर्मिघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के 22वें संस्करण का बहिष्कार करने की अपील करेंगे।

बर्मिघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी को वैकल्पिक तौर पर शामिल किए जाने के मामले पर रनिंदर ने राजधानी दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही।

आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले निशानेबाजों के लिए इस संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस समारोह में 14 निशानेबाज शामिल हुए।

रनिंदर ने कहा, “हम सरकार से बर्मिघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के बहिष्कार की अपील करेंगे, क्योंकि इसमें निशानेबाजी को वैकल्पिक तौर पर रखा गया है, जो सही नहीं है।”

एनआरएआई के अध्यक्ष ने कहा, “निशानेबाजी में देश को अधिक पदक मिलते हैं। ऐसे में इसे राष्ट्रमंडल खेलों में वैकल्पिक रखना गलत बात है। हमने बर्मिंघम में भारतीय समुदाय से इसकी बात की है और उन्होंने स्थानीय संसद में बड़ी संख्या में इसका प्रतिनिधित्व किया है और इस मुद्दे को ब्रिटेन के खेल मंत्री के सामने रखा गया है। हमें वहां से भी सकारात्मक बयान की उम्मीद है।”

रनिंदर ने कहा कि वह बर्मिघ में 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी को वैकल्पिक रखने वाली खराब स्थिति को सही करने के लिए हर प्रकार का प्रयास कर रहे हैं और इसे जारी रखेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493