नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाक ने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय एथलीटों के अच्छे प्रदर्शन के लिए समिति ने एक प्रस्ताव पेश किया है, जिसे भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) और भारत के खेल मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है।
अपने भारत दौरे के दौरान राजधानी दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बाक ने यह बात कही।
बाक ने कहा, “आईओसी ने बैठक में कार्यकारी सदस्यों, बत्रा और खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के साथ मुलाकात में कई मुद्दों पर बात कीं। ऐसे में हमने एक प्रस्ताव रखा है, जिसे आईओए और खेल मंत्री ने स्वीकार कर लिया है।”
आईओसी अध्यक्ष ने कहा, “इस प्रस्ताव के तहत आप देखेंगे कि चार संगठन-आईओसी, एशियाई ओलम्पिक परिषद, आईओए और खेल मंत्रालय मिलकर भारतीय एथलीटों के लिए एक रोडमैप तैयार करेंगे। इसके तहत टोक्यो ओलम्पिक खेलों और अन्य टूनार्मेंटों में उनके अच्छे प्रदर्शन की ओर काम किया जाएगा।”
इस प्रयास के तहत अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, खेल विज्ञान और कोचिंग, समाज में खेल की भूमिका आदि चीजों के बारे में भी बात की गई है।
बाक ने आशा है कि इस प्रस्ताव के तहत एथलीटों के साथ शुरू किए जाने वाली कई नई पहल की मदद से टोक्यो में 2020 में होने वाले ओलम्पिक खेलों में भारतीय एथलीट अच्छा प्रदर्शन करेंगे और अधिक से अधिक पदक जीतेंगे।
इसके साथ ही बाक ने ओलम्पिक आंदोलन में भारत को आईओसी का समर्थन देने की ओर प्रतिबद्धिता जताई।
बाक की अध्यक्षता में भारत पहुंचे आईओसी प्रतिनिधिमंडल ने आईओए कार्यकारी बोर्ड के नवनियुक्त सदस्यों के अलावा राष्ट्रीय खेल महासंघों और राज्य ओलम्पिक संघों के अधिकारियों से मुलाकात की।
भारत वैश्विक ओलम्पिक आंदोलन मे अभी भूमिका को सशक्त करना चाहता है और बाक की अध्यक्षता वाले आईओसी प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे से उसके इन प्रयासों को बल मिलेगा।
साल 2013 में आईओसी अध्यक्ष बनने के बाद से बाक का यह दूसरा भारत दौरा है। इससे पहले वह साल 2015 में भारत पहुंचे थे। बाक हालांकि पहली बार आईओए के नवनियुक्त बोर्ड सदस्यों के साथ रूबरू हुए।
dharmpath.com dharmpath