आईपीएल-11: पंत के 85, दिल्ली ने बनाए 175 रन (लीड-1)

बेंगलुरू, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत के 85 और श्रेयस अय्यर के 52 रन की उपयोगी पारियों के दम पर दिल्ली डेयरडेविल्स ने यहां एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ पांच विकेट पर 174 रन का मजबूत स्कोर बना लिया।

टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी दिल्ली की शुरुआत ठीक नहीं रही और उसने 23 रन के अंदर ही अपने दोनों ओपनरों कप्तान गौतम गंभीर और जैसन रॉय के विकेट गंवा दिए। गंभीर ने 10 गेंदों पर तीन और रॉय ने 16 गेंदों पर मात्र पांच रन ही बनाए।

लेकिन इसके बाद पंत और अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़े। पंत ने राहुल तेवतिया के साथ भी पांचवें विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की।

पंत ने 48 गेंदों पर चार चौके और सात छक्के लगाए। अय्यर ने 31 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के उड़ाए। लीग के 11वें संस्करण में अय्यर का यह पहला अर्धशतक है। तेवतिया ने नौ गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 13 रन बनाए। दिल्ली ने आखिरी के पांच ओवर में 71 रन जोड़े।

बेंगलोर के लिए युजवेंद्र चहल ने 22 रन पर दो विकेट हासिल किया। इसके अलावा उमेश यादव को 27 रन पर एक विकेट, वाशिंटन सुंदर को 31 रन पर एक विकेट और कोरी एंडरसन को एक ओवर में 10 रन पर एक विकेट मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493