ईयू, मेक्सिको के बीच नए व्यापार समझौते पर वार्ता संपन्न

ब्रसेल्स, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) और मेक्सिको के बीच नए व्यापार समझौते को लेकर वार्ता संपन्न हो गई है। इस समझौते के तहत लगभग सभी उत्पादों पर सीमा शुल्क समाप्त हो जाएंगे। यूरोपीय संघ ने यहां यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, व्यापारिक मामलों की यूरोपीय आयुक्त सेसिला मैल्मस्ट्रॉम ने शनिवार को ट्विटर पर कहा,”आज, हमने मेक्सिको के साथ एक समझौता किया है..दो साल से भी कम समय में एक आधुनिक और व्यापक एफटीए (मुक्त व्यापार समझौता) है। हमारे उपभोक्ताओं और व्यापार के लिए अच्छा है। ईयू और मेक्सिको स्थायी और नियम आधारित व्यापार में साझीदार हैं।”

इस वार्ता का मकसद यूरोपीय संघ-मेक्सिको के बीच हुए साल 2000 में हुए समझौते का नवीनीकरण करना था।

यूरोपीय आयोग के मुताबिक, नए व्यापारिक समझौते से सीमा शुल्क प्रक्रिया लचीली होगी और फार्मास्यूटिकल्स, मशीनरी और परिवहन उपकरण के क्षेत्रों सहित यूरोपीय संघ के कई उद्योगों को लाभ होगा।

यूरोपीय आयोग ने एक बयान में कहा कि नया समझौता स्थायी विकास नियमों और दोनों पक्षों को “जलवायु परिवर्तन पर पेरिस समझौते के तहत अपने दायित्वों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध” भी करता है।

इसके अलावा, बयान में कहा गया है कि यह निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों में भ्रष्टाचार से निपटने के लिए पहला यूरोपीय संघ व्यापार समझौता होगा।

यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जीन-क्लाउड जंकर ने कहा कि व्यापार दोनों पक्षों के लाभ के साथ होना चाहिए।

जंकर ने कहा कि इस नए समझौते से मेक्सिको खुले, निष्पक्ष और नियम-आधारित व्यापार की रक्षा में यूरोपीय संघ के साथ काम करने के इच्छुक देशों की बढ़ती सूची में कनाडा, जापान और सिंगापुर के साथ शामिल हो गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493