सियोल, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया ने सोमवार को घोषणा की कि कोरियाई देशों के दोनों नेताओं के बीच शुक्रवार को होने वाली ऐतिहासिक शिखर बैठक से पहले देश की सीमा पर प्योंगयांग के खिलाफ दुष्प्रचार का प्रसारण बंद कर दिया गया है, जिसका उद्देश्य कोरियाई प्रायद्वीप में सुलह को बढ़ावा देना है।
एक बयान के अनुसार, राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने सैन्य सीमा रेखा (एमडीएल) पर उत्तर कोरिया के खिलाफ लाउडस्पीकर प्रसारण रोक दिया है।
समाचार एजेंसी ‘योनहप’ के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य दक्षिण और उत्तर के बीच के “सैन्य तनाव को कम करना और शांतिपूर्ण वार्ता का माहौल बनाना है।”
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन के बीच पनमुनजोम में शिखर बैठक की योजना है।
मंत्रालय के अनुसार, सोमवार का यह कदम प्योंगयांग द्वारा 21 अप्रैल को परमाणु परीक्षणों और अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल लॉन्च को बंद करने की घोषणा के बाद लिया गया है।
सियोल ने 1963 में उत्तर कोरिया के साथ जुड़ी अपनी सीमा पर लाउडस्पीकर के माध्यम से प्योंगयांग शासन के खिलाफ प्रचार करना शुरू किया था।
इन लाउडस्पीकरों का उपयोग दोनों देशों द्वारा ‘मनोवैज्ञानिक युद्ध’ के नियमित उपकरण के रूप में किया जाता रहा है।
dharmpath.com dharmpath