चांगवोन (दक्षिण कोरिया), 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की राही सरनोबत यहां जारी अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी महासंघ (आईएसएसएफ) विश्व कप में महिलओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक से चूक गईं। उन्हें चौथे पायदान से ही संतोष करना पड़ा।
राही ने क्वालीफिकेशन राउंड में 600 में से 588 अंक अर्जित किए लेकिन वह फाइनल में पदक नहीं जीत पाईं। फाइनल राउंड में आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कुल 50 शॉट वाले फाइनल के पहले 40 शॉट में से राही ने 26 शॉट निशाने पर मारे। स्पर्धा का कांस्य पदक चीन की यूशी याओ और रजत पदक यूमेई लिन ने जीता जबकि स्वर्ण पदक पर आस्ट्रेलिया की एलेना गालियाबोविक ने कब्जा किया। राही कांस्य जीतने वाली याओ से एक शॉट पीछे रह गईं।
भारत की हीना सिद्धू 92 निशानेबाजों में से 37वें पायदान पर रहीं जबकि अन्नू राज को 41वें पायादान से संतोष करना पड़ा। हीना ने 575 ओर अन्नू ने 573 अंक हासिल किए।
प्रतियोगिता की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के मिश्रित युगल वर्ग के फाइनल में भारत के रवि कुमार और अपूर्वी चंदेला की जोड़ी पांचवें स्थान पर रही।
भारत के दीपक कुमार और मेहूली घोष की जोड़ी फाइनल में भी प्रवेश करने में सफल नहीं हो पाई। वह क्वालीफिकेशन राउंड में आठवें पायदान पर रहे जबकि फाइनल में केवल पांच टीमें ही हिस्सा ले सकती थी।
महिलओं की ट्रैप स्पर्धा में शगुन चौधरी क्वालीफाइंग राउंड में 125 में से 108 अंकों के साथ 26वें स्थान पर रहीं। श्रेयसी सिंह 33वें जबकि सीमा तोमर 47वें पायदान पर रहीं।
पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल से पहले मंगलवार को तीन और क्वालीफिकेशन राउंड होंगे। पहले दो दौर के बाद मानवजीत सिंह संधू नौवें स्थान पर रहे। उन्होंने 50 में से 48 शॉट लगाए।
क्वालीफाइंग राउंड में शीर्ष छह स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को अगले दौर में प्रवेश मिलेगा। भारत के जोरावर संधू 13वें और किनान चेनाई 36वें पायदान पर बने हुए है।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन पहले फाइनल में भारत को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में पदक की उम्मीद होगी। इस स्पर्धा में जीतू राय, शाहजार रिजवी और ओम प्रकाश मिथारवाल भाग लेंगे।
dharmpath.com dharmpath