नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। होम अप्लाएंस ब्रांड ‘बाल्ट्रा’ पुरुषों एवं महिलाओं दोनों के लिए कई ग्रूमिंग उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला के साथ पर्सनल केयर सेगमेंट में उतरने की तैयारी में है। बाल्ट्रा का लक्ष्य करीब 1,500 करोड़ रुपये के पर्सनल ग्रूमिंग बाजार के एक बड़े हिस्से पर अपनी पकड़ बनाने की है।
पर्सनल केयर सेगमेंट में अभी हाल ही में सिस्का सहित कई और भी होम अप्लाएंस बनाने वाली कंपनियों ने अपने उत्पाद बाजार में उतारे हैं।
बाल्ट्रा ने पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए पेडीक्योर और मैनीक्योर उत्पादों के अलावा हेयर ड्रायर, कर्लर्स, ट्रिमर्स, शेवर सहित इस श्रेणी में उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला लॉन्च करने की योजना बनाई है। ऊर्जा की बचत करने वाले अपने यूनीक उत्पादों के लिए प्रसिद्ध बाल्ट्रा वर्तमान में इस नए खंड की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अपने उत्पादन की सुविधाओं को बढ़ाने की प्रक्रिया में लगा हुआ है। पर्सनल केयर सेगमेंट में भारी मांग को पूरा करने के लिएए बाल्ट्रा हरियाणा में एक नई फैक्ट्री भी खोलने जा रहा है।
बाल्ट्रा होम प्रोडक्ट्स के निदेशक सुनील जैन ने कहा, “पर्सनल ग्रूमिंग सेगमेंट में उच्च गुणवत्ता वाले किफायती उत्पादों की भारी कमी है। इस खंड में हम अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। ब्रांड बाल्ट्रा को यूटिलिटी, एफोर्डेबिलिटी एवं हाई पफरेर्मेंस के लिए जाना जाता है और हमारे सभी उत्पाद भारतीय परिवारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ही डिजाइन किए गए हैं।”
उन्होंने कहा कि कंपनी ने पहले से ही नई उत्पाद श्रृंखला के निर्बाध उत्पादन को बनाए रखने के लिए मोल्डिंग मशीनों की स्थापना कर ली है।
जैन ने कहा, “मेक इन इंडिया भारतीय उद्योगों के विकास की गति को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और बाल्ट्रा आयात पर निर्भरता को कम करने के लिए तकनीकी निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
बाल्ट्रा के विकास दर पर जीएसटी के असर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “जीएसटी ने सफलतापूर्वक भारत को ‘एक बाजार’ में परिवर्तित कर दिया है जिसकी वजह से हमने पिछले वर्ष सराहनीय 20-25 फीसदी की वर्षिक वृद्धि दर्ज की और चालू वित्त वर्ष में हमें उम्मीद है कि हम 40 फीसदी की वृद्धि करेंगे और 125 करोड़ से अधिक का कारोबार हासिल कर लेंगे।”
dharmpath.com dharmpath