वुहान (चीन), 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने-अपने मैचों में जीत हासिल कर एकल स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
हालांकि, युगल स्पर्धाओं में गुरुवार को भारत को निराशा हाथ लगी और इनमें भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है।
वर्ल्ड नम्बर-3 पी.वी. सिंधु और 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता सायना नेहवाल के साथ-साथ वर्ल्ड नम्बर-5 किदांबी श्रीकांत और एच. एस. प्रणॉय ने भी क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
लेकिन, पुरुष एकल वर्ग में बी साई प्रणीत का सफर दूसरे दौर में थम गया। उन्हें चीन के चेन लोंग ने सीधे गेम में 21-12, 21-12 से मात देकर बाहर का रास्ता दिखाया।
सिंधु ने चीन की चेन जियाओजिन को 44 मिनट तक चले मुकाबले में 21-12 21-15 से मात दी। क्वार्टर फाइनल में उनके सामने दक्षिण कोरिया की सुंग जी ह्यून की चुनौती होगी, जिन्होंने थाईलैंड की बुसानान ओंगबाम्रुनगफन को 21-14, 21-12 से शिकस्त दी।
सायना ने चीन की गाओ फैंगजेई को महज 40 मिनट में 21-18, 21-8 से मात दी। सायना अंतिम-8 के मुकाबले में दक्षिण कोरिया की ली जैंग मी से भिड़ेंगी। ली ने थाईलैंड की रातचानोक इंतानोन को 19-21, 21-17, 21-15 से हराया।
पुरुष एकल वर्ग में श्रीकांत को ज्यादा मेहनत नहीं करना पड़ी। उनके विपक्षी हांगकांग के वोंग विंग की विसेंट पहले गेम में 2-7 से पिछड़ने के बाद रिटायर हो गए। श्रीकांत का सामना अगले दौर में ली चोंग वेई से होगा।
प्रणॉय ने चीनी ताइपे के वांग जु वेई को 16-21, 21-14, 21-12 से मात दी। प्रणॉय अगले दौर में दक्षिण कोरिया के सान वान हो से भिड़ेंगे।
भारत को पुरुष युगल और मिश्रित युगल स्पर्धाओं में असफलता मिली। इन दोनों स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाली जोड़ियां हारकर बाहर हो गईं।
पुरुष युगल वर्ग में भारत की एम.आर.अर्जुन और रामचंद्रन श्लोक की जोड़ी को दूसरे दौर में चीन की ली जुनहुई और लियु युचेन की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा।
अर्जुन और रामचंद्रन की जोड़ी को ली और युचेन की वल्र्ड नम्बर-4 जोड़ी ने केवल 29 मिनटों के भीतर सीधे गेम में 11-21, 19-21 से मात देकर बाहर का रास्ता दिखाया।
इसके अलावा, मिश्रित युगल वर्ग में जाकमपुड्डी मेघना और एस. पूर्विशा राम की भारतीय जोड़ी को भी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें दूसरे दौर में थाईलैंड की रविंदा प्राजोंगजाई और जोंगकोल्फान कितिथाराकुल की वल्र्ड नम्बर-8 जोड़ी ने केवल 23 मिनट के भीतर सीधे गेमों में 8-21, 9-21 से मात दी।
dharmpath.com dharmpath