नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। वित्त वर्ष 2017-18 में जिंदल स्टेनलेस (हिसार) (जेएसएचएल) के राजस्व में साल-दर-साल आधार पर 34 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 9,259 करोड़ रुपये रही, जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष में यह 6,890 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि समीक्षाधीन अवधि में साल-दर-साल आधार पर पीएटी (कर चुकाने के बाद का मुनाफा) में 81 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 396 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 218 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2017-18 में जेएसएचएल के एबिट्डा (वेतन, कर, मूल्य ह्वास को घटाकर कंपनी को हुई आय) में 23 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, कंपनी की बिक्री में 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और कुल 7,42,704 एमटी (मिलियन टन) बिक्री हुई, जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष में कुल 6,56,880 एमटी की बिक्री हुई थी। 31 मार्च 2018 तक कंपनी का कुल मूल्य 1,256 करोड़ रुपये था।
जेएसएचएल के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने बताया, “जेएसएचएल की आय में हुई वृद्धि हमारे मजबूत बुनियाद की मिली मान्यता है। वित्त वर्ष 18 में हमने कोल्ड रॉल्ड खंड में अपनी क्षमता का बेहतर उपयोग किया, जिसमें विशेष उत्पादों का उच्च हिस्सा रहा। हम लंबे उत्पादों के बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath