काठमांडू, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल स्थित दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट पर इस वसंत में चढ़ाई करने के लिए नेपाल पर्यटन विभाग ने आठ भारतीय महिलाओं सहित कुल 60 महिलाओं को अनुमति दी है। यह संख्या 2017 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाली कुल महिलाओं से अधिक है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पिछले साल माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए 59 महिलाओं को अनुमति मिली थी, जिनमें 33 महिलाएं चोटी पर पहुंचने में कामयाब हुई थीं।
पर्यटन विभाग के अवर सचिव राम प्रसाद सपकोटा ने सिन्हुआ को बताया, “हमने इस मौसम के लिए अनुमति देना बंद नहीं किया है, इसलिए महिलाओं की संख्या अभी बढ़ सकती है।”
मौसम विभाग के अनुसार, नेपाल सरकार ने गुरुवार तक 346 पर्वतारोहियों को अनुमति प्रदान की थी।
माउंट एवरेस्ट के लिए सर्वाधिक महिलाएं नेपाल (15) से, इसके बाद अमेरिका (9) से, भारत (8), चीन (7) और ब्रिटेन (7) से हैं।
नेपाल पर्वतारोहण संघ के अनुसार, हाल के वर्षो में एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए महिलाओं की रुचि बढ़ी है।
मई 1975 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाली पहली महिला पर्वतारोही जापान की जुंको ताबेई से लेकर अब तक कुल 356 महिलाएं चोटी फतह कर चुकी हैं।
dharmpath.com dharmpath