बैडमिटन : मोमोटा, यिंग ने जीते एशियाई चैम्पियनशिप के खिताब (लीड-1)

वुहान (चीन), 29 अप्रैल (आईएएनएस)। जापान के बैडमिंटन खिलाड़ी केंटो मोमोटा और ताईवान की ताई जु यिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां संपन्न एशियाई चैम्पियनशिप में अपनी-अपनी स्पर्धा में खिताबी जीत हासिल की।

वर्ल्ड नम्बर-17 मोमोटा ने रविवार को बड़ा उलटफेर करते हुए पुरुष एकल वर्ग के खिताबी मुकाबले में चीन के दिग्गज चेन लोंग को मात दी।

इसके अलावा, वर्ल्ड नम्बर-2 यिंग ने महिला एकल वर्ग के फाइनल में चीन की चेन युफेई को मात दी।

मोमोटा ने वर्ल्ड नम्बर-3 लोंग को एक घंटे तक चले मुकाबले में सीधे गेम में 21-17, 21-13 से मात देकर खिताबी जीत हासिल की।

इससे पहले लोंग और मोमोटा के बीच कुल चार मैच खेले गए थे। इन चारों मैचों में चीन के खिलाड़ी ने जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार मोमोटा पासा पलटने में कामयाब रहे और उन्होंने बड़ा उलटफेर करते हुए लोंग के खिलाफ जीत हासिल की।

मोमोटा से मिली हार के बाद लोंग ने एक बयान में कहा, “पहले गेम में मैं 14-12 से आगे था, लेकिन मैं उनकी फुर्ती को संभाल नहीं पाया और वहां अंक गंवा बैठा।”

यिंग ने लगातार दूसरी बार इस खिताब पर कब्जा जमाया है। इससे पहले 2017 में भी उन्होंने यह चैम्पियनशिप जीती थी।

वर्ल्ड नम्बर-2 यिंग ने फाइनल मुकाबले में चीन की चेन युफेई को मात दी। यिंग ने वर्ल्ड नम्बर-5 युफेई को 43 मिनट के भीतर सीधे गेम में 21-19, 22-20 से हराकर अपना खिताब बचाया।

युफेई को एक बार फिर फाइनल में निराशा हाथ लगी। पिछले साल भी उन्होंने एशियाई चैम्पियनशिप के फाइनल तक का रास्ता तय किया था, लेकिन यिंग ने उन्हें हरा दिया था।

यिंग ने अपने करियर में युफेई के खिलाफ कुल आठ मुकाबले में खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है।

अपनी जीत के बाद 24 वर्षीया यिंग ने कहा, “मैच की शुरुआत में मैंने काफी गलतियां कीं। इसलिए, मैं खुद को शांत रहने को कह रही थी। चेन हमेशा अपने खेल में सुधार करती आई हैं और उन्होंने फाइनल मैच में मुझसे बेहतर खेला और मुझे दबाव में भी रखा।”

इस टूर्नामेंट में पुरुष युगल वर्ग का खिताब चीन की ली जुनहुई और लियु युचेन की जोड़ी ने जीता है। चीन की इस जोड़ी ने फाइनल मैच में जापान की ताकेशी कामुरा और केइगो सोनोडा की जोड़ी को 53 मिनट के भीतर 11-21, 21-10, 21-13 से मात दी।

चैम्पियनशिप के मिश्रित युगल वर्ग का खिताब चीन की वांग यिलयु और हुआंग डोंगपिंग की जोड़ी को गया है। चीन की इस जोड़ी ने फाइनल में 43 मिनट के भीतर इंडोनेशिया की टोंटोवी अहमद और लिलियाना नात्सिर की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से मात दी।

जापान की युकी फुकुशीमा और सयाका हिरोटा ने अपनी हमवतन जोड़ी मिसाकी मात्सुटोमो और अयाका ताकाहाशी को 21-18, 18-21, 21-15 से मात देकर महिला युगल वर्ग का खिताब अपने नाम किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493