नीरव तोमर को डब्ल्यूबीसी एशिया मानद प्रमोटर का पुरस्कार

नई दिल्ली , 1 मई (आईएएनएस)। विश्व मुक्केबाजी परिषद (डब्ल्यूबीसी) ने आईओएस बॉक्सिंग प्रमोशन के प्रमोटर नीरव तोमर को ‘डब्ल्यूबीसी एशिया वर्ष 2017 मानद प्रमोटर’ पुरस्कार से सम्मानित किया।

डब्ल्यूबीसी ने नीरव को यह पुरस्कार सोमवार को थाईलैंड में आयोजित एक पुरस्कार सम्मान समारोह में प्रदान किया। नीरव किसी कारणवश में समारोह में शामिल नहीं हो सके और उनकी जगह आईओएस बॉक्सिंग प्रमोशन के निदेशक गौरव तोमर ने यह पुरस्कार हासिल किया।

नीरव ने पुरस्कार पाने के बाद कहा, “इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को ग्रहण करना सम्मान की बात है। भारत में पेशेवर मुक्केबाजी को बढ़ावा देने के हमारे काम को महत्व देने के लिए मैं डब्ल्यूबीसी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। भारत में मुक्केबाजी को और आगे ले जाने के लिए मैं कड़ी मेहनत जारी रखूंगा।”

आईओएस बाक्सिंग प्रमोशन ने 2015 में विजेन्दर सिंह के साथ करार किया था और तब से अब तक यह चार खिताबी मुकाबले आयोजित कर चुका है। नीरज गोयत भी इसी से जुड़े हुए हैं और वह मौजूदा समय में डब्ल्यूबीसी एशिया चैंपियन हैं।

पुरस्कार समारोह में गोयत को डब्ल्यूबीसी एशियाई मुक्केबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने 2001 में पेशेवर मुक्केबाजी शुरु की थी और तब से लेकर अब तक वह नौ मुकाबले जीत चुके हैं। इनमें से दो नाकआउट भी शामिल है। गोयत ने पुरस्कार पाने के बाद कहा, “डब्ल्यूबीसी से इस तरह का पुरस्कार पाकर मैं बहुत खुश हूं। भविष्य के मुकाबलों के लिए भी मैं कड़ी मेहनत जारी रखूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493