करवाचौथ को लेकर बाजारों में रौनक

indexलखनऊ, 10 अक्टूबर – करवाचौथ के त्योहार को लेकर बाजारों में हर तरफ रौनक छाई हुई है। महिलाएं मेहंदी लगवाने के लिए काफी उत्साहित हैं। कई ब्यूटीपार्लर पर्व को भुनाने के लिए घर बैठे सुविधाएं देने लगे हैं। त्योहार को लेकर युवतियों में भी उत्सुकता देखी जा रही है। (08:39) 

इस बार करवाचौथ शनिवार 11 अक्टूबर को है। सुहागिनें काफी उत्सुकता से इस दिन का इंतजार करती हैं। वे अपने पति की लंबी उम्र की कामना और उनका स्नेह पाने के लिए यह व्रत रखती हैं और पूरे दिन भूखी-प्यासी रहकर पति के हाथों से पानी पीकर व्रत का पारण करती हैं। बाजारों में चूरा गट्टा, खील-खिलौना, सजे हुए मिट्टी के करवा व सीकें खरीदते हुए महिलाएं काफी उत्सुक दिखाई दे रही हैं।

कई महिलाएं घरों में ही अपने हाथों में मेहंदी लगाकर पर्व मनाने की तैयारी कर रही हैं। वहीं कुछ महिलाएं बाजारों में जाकर मेहंदी लगवाने के लिए 150 से 500 रुपये तक देने के लिए तैयार हैं। लखनऊ शहर के प्रमुख बाजार अमीनाबाद, निशातगंज, भूतनाथ व कपूरथला में महिलाएं दोनों हाथों में ही नहीं, पैरों में भी मेहंदी लगवाती दिखाई दीं।

इसके अलावा महिलाएं पर्व मनाने के लिए जमकर खरीदारी कर रही हैं। इस मौके पर कई ब्यूटी पार्लरों द्वारा घर बैठे सुविधा दी जा रही हैं। एक महिला कुसुमलता ने बताया, “मैंने एक ब्यूटी पार्लर में फोन किया और वहां की स्टाफ मेहंदी लगाने के लिए घर पर आ गई। काम-धाम छोड़कर मेहंदी लगवाने के लिए मुझे बाहर नहीं जाना पड़ा।”

लखनऊ निवासी आचार्य प्रदीप तिवारी ने बताया कि इस बार करवाचौथ का चांद रात 8.05 बजे के बाद दिखाई देगा। विवाहिताएं विधिवत पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण करेंगी।

उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को दोपहर 12.14 बजे के बाद से चतुर्थी का मान शुरू हो जाएगा, इसलिए इसी दिन करवाचौथ की पूजा करना श्रेयस्कर रहेगा।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493