लंदन, 5 मई (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर सिटी के कोच पेप गुआर्डियोला ने कहा है कि आइवरी कोस्ट के उसके मिडफील्डर याया टूरे इस सीजन की समाप्ति के बाद क्लब छोड़ देंगे।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक 34 साल के टूरे सिटी के लिए इस सीजन का अपना अंतिम मैच बुधवार को एतिहाद स्टेडियम में खेलेंगे।
गुआर्डियोला ने शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “टूरे इस सीजन के बाद सिटी के साथ नहीं बने रहेंगे। हम यह कभी नहीं भूल सकते कि उनके साथ हमने क्या-क्या हासिल किया है।”
टूरे ने 2010 में क्लब के साथ करार किया था। वह स्पेनिश क्लब एफसी बार्सिलोना से 2.4 करोड़ पाउंड के करार में यहां आए थे। बीते साल जून में टूरे ने क्लब के साथ एक साल का करार विस्तार किया था।
इस सीजन में टूरे ने सिटी के लिए कुल 16 मैच खेले लेकिन वह एक भी गोल नहीं कर सके। सिटी के लिए टूरे ने कुल मिलाकर 229 प्रीमियर लीग मैच खेले और इस दौरान क्लब ने तीन लीग खिताब, एक एफए कप और दो ईएफएल कप खिताब जीते।
dharmpath.com dharmpath