नई दिस्सी, 8 मई (आईएएनएस)। भारत में पहले एफआइबीए मान्यता प्राप्त बास्केटबॉल लीग-3 गुणा 3 प्रो बास्केटबॉल लीग (3-बीएल) के उद्घाटन सीजन के लिए ट्रायल का आयोजन दिल्ली में 13 मई को किया जाएगा।
इसके लिए, उत्तरी क्षेत्र में बास्केटबॉल खिलाड़ी ऑनलाइन के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं। इसमें चुने गए खिलाड़ियों को 3-बीएल द्वारा ट्रायल्स के लिये आमंत्रित किया जाएगा।
दुनिया में सबसे तेजी से विकसित हो रहा शहरी टीम स्पोर्ट 3 गुणा 3 बास्केटबॉल 5 गुणा 5 बास्केटबॉल का एक छोटा प्रारूप है। इसे एक ओलंपिक खेल के रूप में मान्यता प्रदान की गई है।
इसके साथ ही इसे 2020 टोक्यो ओलंपिक खेलों में भी पेश किया जाएगा। भारत में 3-बीएल के प्रारंभिक सीजन में 12 टीमें शामिल होंगी। इनमें डेल्ही हूपर्स,चंडीगढ़ बीस्ट्स, जयपुर रीगल्स, आइजल लीजेंड्स, कोलकाता वॉरियर्स, अहमदाबाद विंगर्स, बैंगलोर माचाज, गोवा स्निपर्स, कोच्चि नाइट्स, हैदराबाद बैलर्स, चेन्नई आइकन्स और मुंबई हसलर्स शामिल हैं।
3-बीएल के प्रारंभिक सीजन में अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय सेंसेशन्स जैसे कि अमज्योत सिंह, पलप्रीत सिंह बरार और इंटरनेशनल बास्केटबॉल सेंसेशन्स जैसे कि बिक्रमजीत गिल, इंदरबीर सिंह गिल, लियान्ड्रो लीमा और कई अन्य नजर आएंगे।
लीग के मैच दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बैंगलोर, चेन्नई और आइजॉल में नौ जून 2018 से 26 अगस्त 2018 तक छह से अधिक चरणों में खेले जायेंगे। टूर्नामेंट के विजेताओं को एफआइबीए वल्र्ड टूर में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।
3-बीएल के लीग कमिश्नर रोहित बख्शी ने कहा, “यह हमारे लिये बेहद गर्व और रोमांच का पल है कि हम भारत में पहले एफआइबीए-मान्यता प्राप्त बास्केटबॉल लीग के लिए ट्राइ-आउट्स का आयोजन कर रहे हैं। 3 गुणा 3 प्रो बास्केटबॉल लीग युवा भारतीय बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और चमक बिखेरने का एक मंच है। इस बार दांव पर बहुत कुछ लगा है, क्योंकि विजेता 3-बीएल टीम को पहली बार एफआइबीए 3 गुणा 3 वल्र्ड टूर में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। हम सभी बास्केटबॉल खिलाड़ियों और प्रशंसकों को हमारे आगे के इस रोमांचक सफर में शामिल होने का अनुरोध करते हैं।”
ट्राइ-आउट्स का आयोजन नई दिल्ली में 13 मई 2018 को सुबह आठ बजे से सिरी फोर्ट स्टेडियम के बास्केटबॉल कोर्ट में किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath