लिवरपूल, 11 मई (आईएएनएस)। मिस्र और लिवरपूल क्लब के फारवर्ड मोहम्मद सलाह ने कहा है कि क्लब के साथ उनका पहला सीजन शानदार रहा है और यह क्लब के साथ उनकी लंबी पारी की शुरुआत है।
सलाह ने इटालियन क्लब एएस रोमा को छोड़कर लिवरपूल के साथ जुड़ने के बाद से अब तक सभी प्रतियोगिताओं में कुल मिलाकर 43 गोल किए हैं। सलाह के इस बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत लिवरपूल की टीम 2006-07 सीजन के बाद पहली बार चैंपियंस लीग के फाइनल में पहुंचने में सफल रही है।
उनकी शोहरत इस हद तक है कि उनका नाम लियोनल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम के साथ लिया जा रहा है। उन्हें टीम प्लेयर और प्लेयर्स प्लेयर अवार्ड के लिए चुना गया है। चर्चा यह शुरू हुई है कि वह स्पेन के दिग्गज क्लब रियाल मैड्रिड से जुड़ सकते हैं। लेकिन, उन्होंने इससे इनकार किया है।
‘इंडिपेंडेंट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, सलाह ने कहा,” मैं यहां (लिवरपूल में) बेहद खुश हूं, सब कुछ ठीक है। बेशक मुझे भविष्य के लिए लिवरपूल के साथ महत्वाकांक्षा मिली है। जैसा कि आप देख सकते हैं कि हमारे पास एक अच्छा सीजन था। हम चैंपियंस लीग फाइनल में हैं और हर कोई इसे लेकर उत्साहित है। यह तो शुरुआत है।”
लिवरपूल इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। रविवार को ब्राइटन क्लब के खिलाफ होने वाले एक मैच में ड्रा भी लिवरपूल को चैंपियंस लीग के अगले सीजन में पहुंचा देगा।
सलाह का मानना है कि ब्राइटन के खिलाफ मैच समाप्त होने के बाद, लिवरपूल चैंपियंस लीग फाइनल के लिए तैयारियों पर अपना ध्यान लगाएगा।
25 साल के सलाह ने कहा, “हम चैंपियंस लीग के अगले सीजन में खेलने को लेकर आश्वस्त हैं। अभी हम केवल ब्राइटन मैच के बारे में सोच रहे हैं। इसके बाद फिर फाइनल की तैयारी करने के लिए हमारे पास 14 दिन का समय बचेगा। हम रियल मैड्रिड के खिलाफ जीतने के लिए खेलेंगे।”
उन्होंने कहा, “किसी भी फाइनल में खेलना हमेशा विशेष होता है। हम जानते हैं कि यह आसान नहीं होने वाला है।”
dharmpath.com dharmpath