सियोल, 12 मई (आईएएनएस)। उत्तर कोरिया ने 2018 में अपनी बख्तरबंद इकाइयों के लिए आयोजित वार्षिक गोलाबारी प्रतियोगिता का आकार छोटा कर दिया। साथ ही प्रायद्वीप पर जारी शांति वातावरण के कारण देश के नेता किम जोंग-उन ने इस प्रतियोगिता में उपस्थिति दर्ज नहीं कराई। दक्षिण कोरियाई सरकार ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, दक्षिण कोरिया सरकार ने कहा, “2018 के प्रथम छह महीनों में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में किम उपस्थित नहीं हुए। किम ने 2016 और 2017 में हुई इस वार्षिक प्रतियोगिता में उपस्थिति दर्ज कराई थी।”
सरकार के सूत्र के मुताबिक, “उत्तर कोरियाई सेना ने पिछले सप्ताह सीमांत इलाके में अपनी टैंक इकाई के साथ लामबंदी और गोलाबारी प्रतियोगिता का आयोजन किया था। लेकिन इस बार हिस्सा लेने वाली इकाइयों और उपकरणों की संख्या में 2017 के मुकाबले भारी कमी थी।”
टैंक गोलाबारी प्रतियोगिता सीमावर्ती क्षेत्रों में आयोजित की जाती है और बख्तरबंद इकाइयों के लिए प्रशिक्षण के रूप में काम करती है। हालांकि इस प्रतियोगिता में गोलाबारी वास्तविक लड़ाई की तरह से की जाती है, जिसका सियोल अतीत से आलोचना करता आ रहा था।
दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने कहा कि 27 अप्रैल को आयोजित अंतर-कोरियाई शिखर सम्मेलन के बाद प्रतियोगिता का आकार छोटा होना दोनों देशों के बीच संबंधों के बेहतर होने का संकेत है।
dharmpath.com dharmpath