प्रीमियर लीग : सलाह ईपीएल प्लेयर ऑफ द सीजन अवार्ड से सम्मानित

लंदन, 13 मई (आईएएनएस)। मिस्र एवं लिवरपूल के स्टार फारवर्ड मोहम्मद सलाह को रविवार को इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) प्लेयर ऑफ द सीजन अवार्ड से सम्मानित किया गया।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, 25 वर्षीय सलाह इटली लीग में खेलने के बाद इस सीजन की शुरुआत में लिवरपूल से जुड़े और अभी तक 31 गोल दाग चुके हैं।

लिवरपूल की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, सलाह ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा, “मेरे दिमाग में यह बात थी कि मुझे प्रीमियर लीग में वापस आना है और लोगों के सामने शानदार प्रदर्शन करना है जिन्होंने कहा था कि मैं लीग में पहली बार में सफल नहीं हो पाया।”

सलाह पहली बार 2014 में ईपीएल की टीम चेल्सी से जुड़े थे लेकिन दो सालों में केवल 19 मैच ही खेल पाए थे।

इसके बाद वह फिओरेंतिना और फिर वहां से रोमा में गए और फिर 4.6 करोड़ डॉलर में लिवरपूल से जुड़े। लिवरपूल चैंपियन्स लीग के फाइनल तक पहुंचा है जहां उसका मुकाबला इसी महीने रियाल मैड्रिड से होना है। फाइनल तक के इस सफर में लिवरपूल के लिए सलाह का प्रदर्शन लाजवाब रहा है।

सलाह पहले ही साल 2017-18 के लिए प्रोफेशनल फुटबालर्स एसोसिएशन का प्लेयर आफ द ईयर और फुटबाल राइटर्स एसोसिएशन का पुरस्कार जीत चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493