नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। ‘नागिन’, ‘महारक्षक : आर्यन’ के बाद अब ‘मायावी मालिंग’ में नजर आ रहे अभिनेता हर्षद अरोड़ा का कहना है कि वर्तमान में छोटे पर्दे पर काल्पनिक धारावाहिकों का दौर चल रहा है।
हर्षद ने आईएएनएस से कहा, “हम कोशिश कर रहे हैं कि हमें रसोई की राजनीति और सास बहू नाटकों से अलग नए शो करने का मौका मिले। विशेष रूप से वर्तमान दौर फैंटेसी का दौर है। बहुत सारे काल्पनिक शो और ऐतिहासिक शो आ रहे हैं। दर्शकों को ये पसंद आते हैं और यही कारण है कि ऐसे शो बन रहे हैं।”
‘मायावी मलिंग’ का प्रसारण टेलीविजन चैनल स्टार भारत पर होता है। यह तीन राजकुमारियों-प्रणाली, ऐश्वर्य और गरिमा की कहानी है जो अपने साम्राज्य को बचाने के लिए शैतान से लड़ने का प्रयास करती हैं। हर्षद इसमें प्रिंस अंगद के रूप में नजर आ रहे हैं।
‘बेइंतहा’ के अभिनेता ने कहा कि छोटे पर्दे पर महिलाओं का बोलबाला हुआ करता था लेकिन अब यह स्थिति बदल रही है।
उन्होंने कहा, “(छोटे पर्दे पर) महिलाओं का वर्चस्व रहता था। टीवी पर अब भी ऐसे शो हैं जो महिलाओं पर आधारित हैं। महिलाएं अब भी टीवी की मुख्य दर्शक हैं। लेकिन समय बदल रहा है, बहुत सी नई अवधारणाएं आ रही हैं। शायद ये अच्छा करें या ना करें लेकिन कम से कम निर्माता कुछ नया करने की कोशिश तो कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath