सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप : हिमा को स्वर्ण के साथ एशियाई खेलों का टिकट

गुवाहाटी, 28 जून (आईएएनएस)। मेजबान असम की हिमा दास ने 58वीं राष्ट्रीय अंतर-राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर एशियाई खेलों का टिकट हासिल कर लिया है। हिमा चैंपियनशिप की ब्रांड एंबेसडर भी हैं।

सातवीं लेन में दौड़ रही 18 साल की हिमा ने 23.10 सेकेंड के साथ पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने ओडिशा की दुती चंद को पछाड़कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। हिमा का यह व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

दुती ने 23.41 सेकेंड के साथ रजत और ओड़िशा की ही श्राबनी नंदा ने 23.87 सेकेंड के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

इस चैंपियनशिप में एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई करने का मानक समय 23.50 है और दुती ने मंगलवार को ही 23.46 सेकेंड का समय लेकर एशियाई खेलों का टिकट कटा लिया था।

पुरुषों के 200 मीटर दौड़ में केरल के मोहम्मद अनस ने 20.98 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। ओलंपियन अनस हालांकि 20.87 सेकेंड के क्वालीफाइंग मार्क को हासिल करने से चूक गए।

इसी स्पर्धा में तमिलनाडु के वीके एलाकिया ने 21.31 सेकेंड का समय लेकर रजत पदक और प्रवीण कुमार ने 21.43 सेकेंड के समय के साथ कांस्य हासिल किया।

महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में हरियाणा की कोमल चौधरी दो मिनट 06.68 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण जीतने में सफल रही। पश्चिम बंगाल की शिपरा सरकार ने दो मिनट 07.02 सेकेंड का समय लेकर रजत और महाराष्ट्र की अर्चना अधव ने दो मिनट 07.022 सेकेंड के समय के साथ कांस्य अपने नाम किया।

भारत ने इस वर्ष अगस्त में जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों के लिए 102 सदस्यीय भारतीय दल भेजने का फैसला किया है। इनमें 52 पुरुष और 50 महिला शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493