रजत शर्मा डीडीसीए के अध्यक्ष, तिहारा बने सचिव

नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा को दिल्ली एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) का अध्यक्ष चुन लिया गया है।

रजत शर्मा को 54.40 प्रतिशत वोट मिले। उन्हें कुल 1521 वोट मिले। इसके अलावा, राकेश कुमार बंसल को डीडीसीए का नया उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। राकेश को डीडीसीए के चुनाव में कुल 1364 यानी 48.87 प्रतिशत वोट मिले।

रजत शर्मा ने अध्यक्ष पद के चुनाव में पूर्व क्रिकेटर मदन लाल को हराया। मदन लाल को कुल 1004 वोट मिले।

सचिव पद के लिए मंजीत सिंह ने विनोद कुमार तिहारा को अच्छी टक्कर दी। मंजीत को कुल 998 वोट मिले जबकि तिहारा को 1374 मत मिले।

डीडीसीए कार्यकारिणी के लिए 30 जून को चुनाव हुए थे।

राजन मनचंदा संयुक्त सचिव चुने गए हैं। उन्हें कुल 1402 (50.23 प्रतिशत) वोट मिले।

डीडीसीए के कोषाध्यक्ष के रूप में ओ.पी. शर्मा का चयन किया गया है। शर्मा को कुल 1365 (48.91 प्रतिशत) वोट मिले।

1241 वोटों के साथ संजय भारद्वाज को डीडीसीए के प्रथम श्रेणी क्रिकेटर निदेशक चुना गया। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टेस्ट खिलाड़ी सुरेंद्र खन्ना को इस पद के चुनाव में 479 वोट मिले। उनसे अधिक वोट इस पद के लिए अंजली शर्मा को मिले। अंजली को 891 वोट मिले। ऐसे में सबसे अधिक वोटों के साथ भारद्वाज ने इस पद को हासिल किया।

डीडीसीए की महिला निदेशक के रूप में रेनू खन्ना का चयन हुआ है। उन्होंने इस पद पर 1342 वोटों के साथ जीत हासिल की है।

एसोसिएशन के पांच निदेशकों के रूप में आलोक मित्तल, अपूर्व जैन, नितिन गुप्ता, शिव नंदन शर्मा और सुधीर कुमार अग्रवाल को निर्वाचित किया गया। आलोक को 1325, अपूर्व को 1286, नितिन को 1291, शिव को 972 और सुधीर को 1095 वोट मिले।

डीडीसीए चुनाव पांच साल बाद आयोजित हुए। इससे पहले, साल 2013 में डीडीसीए के चुनाव हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493