अमेरिका में तेलंगाना के छात्र की गोली मारकर हत्या (लीड-1)

कंसास सिटी, 8 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के मिसौरी प्रांत में एक रेस्तरां में संदिग्ध लुटेरे ने तेलंगाना प्रांत के 26 वर्षीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी।

कंसास सिटी स्टार समाचार पत्र के अनुसार, यूनिवर्सिटी आफ मिसौरी-कंसास सिटी (यूएमकेसी) में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे शरत कोप्पू को जेस फिश एंड चिकन मार्केट में शुक्रवार शाम गोली मारी गई। वह यहां पार्ट टाइम काम करते थे।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को कोप्पू की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “हम पुलिस के साथ मामले में संपर्क रखेंगे और मृतक के परिजन को हर संभव मदद प्रदान करेंगे।”

कंसास सिटी पुलिस ने रेस्तरां में गोलीबारी से पहले संदिग्ध कातिल की गतिविधि दिखाने वाला एक संक्षिप्त वीडियो जारी कर लोगों से संदिग्ध को पकड़ने में सहायता करने के लिए कहा है।

संदिग्ध ने बंदूक से कोप्पू की पीठ पर गोली मार दी जिनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर कोप्पू जनवरी में अमेरिका आए थे।

तेलंगाना सरकार ने रविवार को कहा कि वह कोप्पू के शव को दो दिनों में भारत लाने का प्रबंध कर रही है।

प्रवासी मामलों के राज्यमंत्री के.टी. रामाराव मंत्रीमंडल के अपने साथियों कादियम श्रीहरि और टी. श्रीनिवास के साथ कोप्पू के घर गए।

राव के अनुसार, प्रदेश सरकार विदेश मंत्रालय और अमेरिका में भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में है।

यूएमकेसी ने भी कोप्पू की मौत पर एक बयान जारी कर शोक प्रकट किया है।

यूएमकेसी के बयान के अनुसार, “हम शरद के परिजनों और मित्रों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।”

यूएमकेसी के कुलाधिपति सी. मौली अग्रवाल ने संवेदनाएं व्यक्त कीं।

अग्रवाल ने शनिवार शाम कहा, “शरत और मैं भारतीय विरासत साझा करते हैं, लेकिन यूएमकेसी में हम सभी ऐसी दुखद घटना को साझा कर रहे हैं।”

एक साल पहले 22 फरवरी 2017 को भी कंसास सिटी में ही हैदराबाद के एक अन्य इंजीनियर श्रीनिवास कुचिभोतला (32) की हत्या कर दी गई थी।

मई में अमेरिका के पूर्व अधिकारी एडम प्यूरिंटन ने स्वीकार किया था कि उसने कुचिभोतला की गोली मारकर हत्या की थी। उसने कहा था कि रंग, नस्ल, धर्म और राष्ट्रीयता के कारण उसने कुचिभोतला को गोली मारी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493